मनोरंजन

KBC के सेट पर फिसलने से अमिताभ बच्चन के घुटने में लगी चोट, बोले- ‘खड़े होने में है थोड़ी दिक्कत’

Amitabh Bachchan Knee Injury: अमिताभ बच्चन ने बताया कि शूटिंग के दौरान वे फिसल गए और उनके घुटने में चोट लग गई। दिग्गज एक्टर ने KBC 18 के लेटेस्ट एपिसोड में अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Amitabh Bachchan Knee Injury
KBC के सेट से अमिताभ बच्चन की फोटो। (फोटो सोर्स: instagram- sonyliv)

Amitabh Bachchan Knee Injury:अमिताभ बच्चन के द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' का लेटेस्ट एपिसोड बिग बी की एक बड़ी घोषणा के साथ शुरू हुआ। आमतौर पर हर एपिसोड की शुरुआत पूरे जोश के साथ मंच पर दौड़कर करने वाले दिग्गज एक्टर ने बताया कि पिछले दिन उनके घुटने में चोट लग गई थी।

KBC के सेट पर अमिताभ बच्चन के घुटने में लगी चोट

उन्होंने कहा, "आमतौर पर मैं अपना मोनोलॉग मंच के बीच में खड़े होकर करता हूं, लेकिन आज मेरे घुटने में चोट लगी है।" बच्चन ने आगे कहा, "कल शूटिंग के दौरान मैं फिसलकर गिर गया और मेरे घुटने में चोट लग गई।" चोट के बारे में बताते हुए उन्होंने अपने बाएं घुटने की ओर इशारा किया। एक्टर की बात सुनकर दर्शक चौंक गए। उन्होंने तुरंत बताया कि चोट गंभीर नहीं है और वे चैलेंजर्स को होस्ट करने के लिए खड़े होंगे, लेकिन शुरुआती मोनोलॉग के लिए उन्होंने बैठकर बात करना चुना क्योंकि उन्हें "खड़े होने में थोड़ी दिक्कत" हो रही थी। स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की।

इसके बाद दिग्गज एक्टर ने पिछले दिन के रोलओवर कंटेस्टेंट, शौर्यज दास का स्वागत किया, जिन्होंने अपना गेम आगे बढ़ाया। शौर्यज 25 लाख रुपये के सवाल तक तो सफलतापूर्वक खेल गईं, लेकिन 50 लाख रुपये के सवाल ने उन्हें उलझन में डाल दिया।

क्या था 50 लाख रुपये का सवाल?

50 लाख रुपये के लिए सवाल था, 1930 के दशक में, लखनऊ यूनिवर्सिटी में एक लाइब्रेरी बनाने का काम उस आर्किटेक्ट को सौंपा गया था, जिन्होंने किस देश की राजधानी का डिजाइन भी तैयार किया था? ऑप्शन थे: वेलिंगटन, कैनबरा, टोरंटो, ब्रासीलिया।

शौर्य सही जवाब को लेकर पक्का नहीं थीं, इसलिए उन्होंने गेम छोड़ दिया और 25 लाख रुपये लेकर चली गईं। गेम छोड़ने के बाद, उन्होंने कैनबरा का अंदाजा लगाया, जो कि सही जवाब था।

20 साल से ज्यादा समय से 'कौन बनेगा करोड़पति' का चेहरा रहे हैं बिग बी

अमिताभ बच्चन दो दशकों से ज्यादा समय से रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का चेहरा रहे हैं। बता दें कि शो का पहला सीजन 3 जुलाई, 2000 को शुरू हुआ था और बिग बी इसके होस्ट थे। उन्होंने तीसरे सीजन को छोड़कर शो के बाकी सभी सीजन होस्ट किए हैं, तीसरे सीजन में शाहरुख खान ने होस्टिंग की थी। अब अपने 18वें सीजन में, KBC ने 26 साल पूरे कर लिए हैं और बच्चन हर साल इस क्विज शो में शॉट सीट पर बैठे कंटेस्टेंट्स से सवाल पूछते रहे हैं।

Updated on:
30 Sept 2026 11:03 pm
Published on:
30 Sept 2026 06:54 pm