
Arshi Khan Statement On Health: बिग बॉस की पूर्व कंटेस्टेंट अर्शी खान ने सुपरस्टार सलमान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई है। अर्शी ने सलमान से रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ की होस्टिंग से ब्रेक लेने और अपनी हेल्थ पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने सलमान को हेल्थ से जुड़ी परेशानियों के बावजूद काम करते देखा है और वह चाहती हैं कि एक्टर अपनी सेहत को प्राथमिकता दें।
अर्शी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए वीडियो में सलमान के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा कि देशभर में लोग उनसे बहुत प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, “हम सब सलमान साहब से बहुत प्यार करते हैं, उनका नाम जब आता है सबकी धड़कनें तेज हो जाती हैं।”
अर्शी खान ने कहा, "3-4 सालों से मैं देख रही हूं कि सलमान खान की हेल्थ में बहुत दिक्कतें हो रही हैं। मुझे ऐसा लगता है कि वो काफी बीमार दिखते हैं। वो बीमारी के अंदर भी काम कर रहे हैं।" अर्शी ने आगे ‘बिग बॉस’ से जुड़े लोगों की सेहत को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा "शो से जुड़े कई लोग बीमार हुए हैं और कुछ दुनिया को अलविदा कह गए हैं। इसी वजह से मैं नहीं चाहतीं कि सलमान के साथ भी कुछ ऐसा हो।"
अर्शी ने माना कि उनका ‘बिग बॉस’ से भावनात्मक जुड़ाव रहा है, क्योंकि वह खुद इस शो का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके बावजूद उन्होंने सलमान से कुछ समय के लिए शो से दूरी बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सलमान को देशभर के दर्शक पसंद करते हैं और उनकी सेहत उनके चाहने वालों के लिए भी मायने रखती है। अर्शी चाहती हैं कि सलमान अपनी हेल्थ पर ध्यान दें और लंबे समय तक काम करते रहें। अपनी बात खत्म करते हुए अर्शी ने सलमान के लिए लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि सलमान साहब की उम्र 100 साल तक हो। प्लीज आप इस बात पर ध्यान दीजिए।”