
Batwara 1947: राजकुमार संतोषी की फिल्म 'बंटवारा 1947' के पोस्टर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रहीं एक्ट्रेस कनिका कपूर का लुक देखकर कई यूजर्स उन्हें कियारा आडवाणी समझ बैठे। पोस्ट पर आए कमेंट्स और कनिका के रिएक्शन ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
फिल्म के पोस्टर पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "बधाई हो कनिका कपूर, पोस्टर में आप बिल्कुल कियारा आडवाणी जैसी लग रही हैं। शायद आपको यह बात अपनी मैनेजमेंट टीम को भी बतानी चाहिए।" इस तुलना पर कनिका कपूर ने हंसने वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा और तेज हो गई।
दिल्ली की रहने वाली कनिका कपूर फिल्म 'बटवारा 1947' से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। इससे पहले वह टीवी शो 'एक दूजे के वास्ते 2' में सुमन तिवारी की भूमिका निभा चुकी हैं। इसके अलावा वो 'मॉडर्न परिवार' और 'मर्डरबैड' जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं। बता दें, कनिका ने कम उम्र में मॉडलिंग शुरू की थी और मिस मूड इंडिगो, फेमिना स्टाइल दिवा नॉर्थ और मणप्पुरम मिस क्वीन ऑफ इंडिया जैसे ब्यूटी पेजेंट अपने नाम किए हैं। थिएटर से जुड़ाव ने भी उनके अभिनय सफर को मजबूत आधार दिया।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बटवारा 1947' का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये फिल्म असगर वजाहत के फेमस ड्रामा 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई' पर आधारित है।
कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि में एक शादीशुदा जोड़े की है, जिसे हालात के चलते पाकिस्तान जाना पड़ता है। वहां उन्हें एक हवेली मिलती है, जिसमें पहले से रह रही एक बुजुर्ग हिंदू महिला के साथ उनका भावनात्मक रिश्ता बनता है। बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा के बीच उसे बचाने की कोशिश कहानी का अहम हिस्सा है।
फिल्म में सनी देओलऔर निर्देशक राजकुमार संतोषी करीब तीन दशक बाद साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों घायल, दामिनी और घातक जैसी यादगार फिल्में दे चुके हैं। खास बात यह भी है कि इस फिल्म में पहली बार आमिर खानऔर सनी देओल निर्माता के तौर पर साथ जुड़े हैं।
फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आज़मी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह भी लीड रोल में हैं। फिल्म का म्यूजिक ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गाने के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। गौरतलब है कि इस फिल्म की घोषणा पहले 'लाहौर 1947' नाम से हुई थी, लेकिन बाद में निर्माताओं ने इसका नाम बदलकर 'बटवारा 1947' कर दिया।