
बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक रहीं दिव्या भारती अगर जिंदा होती तो आज 44 साल की हो गई होतीं। उनका जन्म 25 फरवरी, 1974 को हुआ था। उन्होंने अपने कॅरियर के पहले साल में ही 12 फिल्में कीं, जबरदस्त हिट हुई। पहले ही साल में वह बॉलीवुड की पॉपुलर अभिनेत्री बन गई थीं। लेकिन 19 साल की कम उम्र में ही वह इस दुनिया को अलविदा कह गई थीं। बता दें कि दिव्या भारती ने 1992 में फिल्म 'विश्वात्मा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इससे पहले वह तेलुगू फिल्मों में काम कर चुकी थीं। उनको फिल्म 'दीवाना' के लिए लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर अवार्ड भी मिला।
5 अप्रेल 1993 को दिव्या भारती की एक बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई थी। मौत से एक साल पहले ही उन्होंने निर्देशक-निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी की थी। दिव्या ने साजिद से शादी करने के लिए इस्लाम धर्म कबूला और 10 मई 1992 को निकाह कर लिया। आज तक उनकी मौत एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है। उनकी मौत के पीछे कई तरह की अटकलें लगाई जाती हैं। कुछ लोग साजिद को ही दिव्या की मौत का जिम्मेदार ठहराया। वहीं इस तरह की बातें भी सामने आई कि साजिद के अंडरवर्ल्ड से रिश्ते होने की बात से दिव्या परेशान रहती थीं।
क्या हुआ था चंद घंटों पहले:
मौत वाले दिन ही दिव्या ने मुंबई में ही अपने लिए नया 4 बीएचके घर खरीदा था। दिव्या उसी दिन शूटिंग खत्म कर के चेन्नई से लौटी थीं। उनके पैर में भी चोट थी। रात के करीब 10 बजे वरसोवा स्थित तुलसी अपार्टमेंट के पांचवें माले पर उनके घर में उनकी दोस्त और डिजाइनर नीता लुल्ला अपने पति के साथ उनसे मिलने आई हुई थीं। तीनो लिविंग रूम में बैठे बातों में मस्त थे और शराब का दौर चल रहा था। उस वक्त उनकी नौकरानी अमृता भी वहीं मौजूद थी। रात के करीब 11 बजे अमृता किचन में कुछ काम करने गईं, नीता अपने पति के साथ टीवी देखने में व्यस्त थीं।
इसी वक्त दिव्या कमरे की खिड़की की तरफ गईं और वहीं से तेज आवाज में अपनी नौकरानी से बातें कर रही थीं। दिव्या के लिविंग रूम में कोई बालकनी नहीं थी। कमरे में सिर्फ एक ही खिड़की थी जिसमें ग्रिल नहीं थी। उसी खिड़की के नीचे पार्किंग की जगह थी। लेकिन उस दिन वहां कोई भी गाड़ी नहीं खड़ी थी। बताया जाता है कि दिव्या खिड़की के पास खड़ी थी। उनका पैर फिसल गया और वह पांचवे माले से नीचे गिर गईं। उन्हें तुरंत कूपर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दिव्या ने दम तोड़ दिया।