मनोरंजन

Ketan Agarwal Murder: लोहागढ़ किले में ‘सिया प्वाइंट’ पर भड़कीं देवोलीना भट्टाचार्जी, टूरिस्ट में 50 प्रतिशत का इजाफा

Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल की हत्या के बाद लोहागढ़ किले में प्रयटकों की संख्या में 25 फीसदी इजाफा हो गया है। 'सिया प्वाइंट' को लेकर अब एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी का गुस्सा फूट पड़ा है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैँ।
2 min read
Jul 02, 2026
Ketan Agarwal Murder Case
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- @@Devoleena_23)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद महाराष्ट्र का ऐतिहासिक लोहागढ़ किला एक अलग ही वजह से चर्चा में है। सदियों पुराने इस विरासत स्थल पर अब इतिहास या वास्तुकला से ज्यादा उस जगह की चर्चा हो रही है, जहां कथित तौर पर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस स्थान को अनौपचारिक रूप से 'सिया पॉइंट' कहना शुरू कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम पर टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

देवोलीना ने पोस्ट कर जताया गुस्सा

'साथ निभाना साथिया' फेम अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने केवल परेशान और हैरान होने वाले इमोजी के साथ 'सिया प्वाइंट' लिखकर इस ट्रेंड पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका ये छोटा-सा पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और कई यूजर्स ने भी ऐतिहासिक धरोहर को मर्डर केस से जोड़ने पर चिंता जाहिर की।

देवोलीना की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लगातार मीम्स, वीडियो और चर्चाएं देखने को मिल रही हैं।

किले में बढ़ी पर्यटकों की भीड़

स्थानीय लोगों के अनुसार, केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किले में आने वाले पर्यटकों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां अधिकांश लोग ट्रैकिंग, इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते थे, वहीं अब कई पर्यटक सिर्फ उस स्थान को देखने की इच्छा लेकर आ रहे हैं, जहां घटना होने का दावा किया जा रहा है।

स्थिति ये हो गई है कि गाइड, सुरक्षाकर्मी और स्थानीय कर्मचारियों से बार-बार एक ही सवाल पूछा जा रहा है—'सिया पॉइंट कहां है?'

जांच के दौरान बंद करना पड़ा किला

बढ़ती भीड़ और चल रही जांच को देखते हुए पुलिस को कुछ समय के लिए किले में पर्यटकों की आवाजाही रोकनी पड़ी। अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए लोगों को बाहर निकालकर प्रवेश सीमित किया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक घटनास्थल से जुड़े हर पहलू की सावधानीपूर्वक पड़ताल की जा रही है।

ऐतिहासिक पहचान पर पड़ रहा असर

लोहागढ़ किला महाराष्ट्र की सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहरों और ट्रेकिंग स्थलों में गिना जाता है। माना जाता है कि इसका इतिहास लगभग दो हजार वर्ष पुराना है और यह सह्याद्रि पर्वतमाला की महत्वपूर्ण विरासतों में शामिल है।

स्थानीय इतिहास प्रेमियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि किसी अपराध की वजह से इस ऐतिहासिक स्थल की नई पहचान बन जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका मानना है कि लोगों को किले के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को जानने के लिए आना चाहिए, न कि किसी दर्दनाक घटना से जुड़े स्थान को देखने के लिए।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 18 जून को पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले की गहरी खाई में गिरने से मौत हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने दावा किया कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है। इस मामले में मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच चल रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के फैसले के बाद ही होगी।

Updated on:
02 Jul 2026 11:22 am
Published on:
02 Jul 2026 11:12 am