मनोरंजन

‘दिमागी नक्सल पार्टी’ बनते ही ध्रुव राठी ने PM मोदी को घेरा, कहा- ऊटपटांग बोलने से पहले 100 बार सोच लेना

Dhruv Rathee On Modi Dimagi Naxal statement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान के बाद इंस्टाग्राम पर 'दिमागी नक्सल जनता पार्टी' ट्रेंड करने लगी है। इसी को लेकर ध्रुव राठी ने पीएम मोदी को नसीहत दी है और निशाना साधा है।
2 min read
Aug 18, 2026
Dhruv Rathee Dig pm Modi Dimagi Naxal statement and Dimagi Naxal Party
ध्रुव राठी ने पीएम मोदी और दिमागी नक्सल पार्टी पर दिया बयान (Photo Source- Twitter/ @dhruv_rathee)

Dhruv Rathee on Modi Dimagi Naxal statement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण के दौरान लाल किले से 'दिमागी नक्सल' वाली टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि सोशल मीडिया पर जनता ने विरोध दर्ज कराते हुए इंस्टाग्राम पर 'दिमागी नक्सल जनता पार्टी' नाम से एक पैरोडी अकाउंट तक बना डाला है, जिस पर महज एक ही दिन में 2.5 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुड़ गए। इसी 'दिमागी नक्सल पार्टी' के ट्रेंड होने को लेकर मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला है।

दिमागी नक्सल को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?

15 अगस्त 2026 को लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि देश में हथियारबंद नक्सलवाद पर काफी हद तक विजय प्राप्त कर ली गई है, लेकिन अब 'दिमागी नक्सल' का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसे लोग जो माओवादी विचारधारा का समर्थन करते हैं, वह सिस्टम में घुसपैठ कर नीतियों को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। 

पीएम ने कहा था, "कुछ दिमागी नक्सल देश को अराजकता की आग में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं, मौके की तलाश में हैं। इन दिमागी नक्सल्स से सावधान रहने की हमें और हमारे युवाओं को जरूरत है।"

ध्रुव राठी ने पीएम मोदी को घेरा

पीएम मोदी की इसी टिप्पणी के बाद ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, "किसी ने दिमागी नक्सल जनता पार्टी का अकाउंट बनाया इंस्टाग्राम पर और एक ही दिन में ढाई लाख से ज्यादा फॉलोअर्स आ गए हैं। ये सभी सत्ता में बैठे नेताओं के लिए एक सीख है। अगली बार कुछ भी ऊटपटांग बोलने से पहले 100 बार सोच लेना। क्योंकि जनता अब जाग चुकी है। यह फालतू की डिवाइड एंड रूल की टैक्टिक्स अब काम करने वाली नहीं है।"

विपक्ष भी लगातार दे रहा है प्रतिक्रिया

पीएम मोदी के 'दिमागी नक्सल' बयान पर विपक्षी पार्टियों ने भी तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने तो यहां तक कह दिया कि उन्हें 'दिमागी नक्सल' होने पर गर्व है। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि उन्हें 'दिमागी नक्सल' कहलाने पर गर्व है, क्योंकि वह एक सच्चे देशभक्त हैं और भाजपा से बिल्कुल नहीं डरते।

पीएम मोदी के इस बयान पर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ सरकार कह रही है कि यह चेतावनी सिर्फ माओवादी विचारधारा के समर्थकों के लिए है, वहीं विपक्ष इसे सरकार की आलोचना करने वालों और सवाल पूछने वाले युवाओं को डराने की कोशिश बता रहा है। वहीं, दिमागी नक्सल पार्टी ने भी ध्रुव राठी का वीडियो शेयर कर उन्हें सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया है।

Updated on:
18 Aug 2026 08:38 am
Published on:
18 Aug 2026 08:24 am
Also Read
View All