मनोरंजन

‘कोई हिंदू-मुस्लिम नहीं, NEET पर ही लग रहे नारे’, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पर बरसीं लाठियां तो किया दावा

CJP Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी पर भी पुलिस का लाठीचार्ज हुआ है। क्या है पूरा मामला. चलिए जानते हैं।
2 min read
Jul 23, 2026
Khushboo Patani On CJP Protest
खुशबू पाटनी ने छात्रों का किया समर्थन (फोटो सोर्स- instagram/khushboo_patani )

Khushboo Patani On CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए छात्र मार्च के बाद लगातार नई-नई प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और पूर्व सेना अधिकारी खुशबू पाटनी ने भी उस दिन की घटना को लेकर अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने दावा किया कि वह छात्रों के बीच सामान्य प्रदर्शनकारी बनकर शामिल हुई थीं और इस दौरान पुलिस की लाठीचार्ज का सामना भी करना पड़ा। खुशबू का कहना है कि भारी भीड़ के बावजूद छात्रों ने संयम नहीं खोया और महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा।

दिल्ली में छात्रों के आंदोलन ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन अब राष्ट्रीय बहस का विषय बन चुका है। इसी आंदोलन में शामिल हुईं खुशबू पाटनी ने सोशल मीडिया के जरिए कई ऐसे अनुभव साझा किए, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

पहचान छिपाकर पहुंचीं थीं प्रदर्शन में

खुशबू पाटनी ने बताया कि वो अपनी पहचान छिपाकर छात्रों के बीच पहुंची थीं। उन्होंने चेहरा मास्क से ढका, कैप पहनी और आम प्रदर्शनकारी की तरह पूरे मार्च में शामिल रहीं। उनका कहना है कि वह खुद देखना चाहती थीं कि वहां का माहौल वास्तव में कैसा है।

उनके अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर लाखों की संख्या में छात्र मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद महिलाओं को असुरक्षित महसूस नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई युवक भीड़ में चलते समय अपने हाथ ऊपर रखकर चल रहे थे ताकि किसी महिला को अनजाने में भी असहज महसूस न हो।

'हिंदू-मुस्लिम नारे नही लग रहे'

इस प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए खुशबू पाटनी ने एक वीडियो शेयर करते हुए ये भी बताया है कि इस प्रदर्शन में हिंदू-मुस्लिम नारे नही लग रहे हैं। उनके साथ नजर आ रहीं दोस्त ने बोला कि ये प्रदर्शन बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और इसमें NEET पेपर लीक को छोड़कर और कोई देशविरोधी नारे नहीं लगाए जा रहे हैं।

'लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए'

खुशबू ने दावा किया कि मार्च के दौरान हालात अचानक बदल गए और पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि कई छात्र-छात्राओं को लाठियां लगीं। कुछ लोगों के सिर और पैरों पर चोटें आईं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी इस अफरा-तफरी में फंस गई थीं और भागते समय उन्हें भी चोट लगी।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों ने हिंसा का रास्ता नहीं अपनाया। उनके मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने मार सह ली, लेकिन जवाब में किसी पर हमला नहीं किया। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित कर गई।

नई पीढ़ी की तारीफ में कही बड़ी बात

खुशबू पाटनी ने आज की युवा पीढ़ी की सराहना करते हुए कहा कि उनका आंदोलन अनुशासित और शांतिपूर्ण था। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई आंदोलनों में हिंसा देखने को मिलती है, लेकिन यहां छात्रों ने संयम बनाए रखा। इसी वजह से वह आज की पीढ़ी की प्रशंसक बन गई हैं।

कई फिल्मी सितारे भी जता चुके हैं समर्थन

दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। हाल के दिनों में कई अभिनेता और अभिनेत्रियां छात्रों के समर्थन में सामने आए हैं। वहीं कुछ कलाकारों ने शांति, संवाद और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।

छात्रों का आंदोलन अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस पूरे मामले पर सरकार, प्रशासन और सार्वजनिक हस्तियों की आगे की प्रतिक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।

Updated on:
23 Jul 2026 01:13 pm
Published on:
23 Jul 2026 01:13 pm