मनोरंजन

‘Drishyam 3’ में क्यों हुई जयदीप अहलावत की एंट्री? अक्षय खन्ना से तुलना पर अजय देवगन ने दिया बड़ा अपडेट

Drishyam 3 Jaideep Ahlawat Role: 'दृश्यम 3' में जयदीप अहलावत ने अक्षय खन्ना को रिप्लेस किया है या नहीं? अजय देवगन ने साफ किया कि दोनों के किरदार अलग हैं और फिल्म में क्राइम ब्रांच केस की जांच करेगी।
2 min read
Sep 09, 2026
Jaideep Ahlawat Drishyam 3
क्षय खन्ना से तुलना पर अजय देवगन ने दिया बड़ा अपडेट (सोर्स: X-@Cine_vichaar)

Drishyam 3 Trailer: अजय देवगन की मच अवेटेड फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है। फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा था कि क्या उन्होंने पिछले पार्ट में नजर आए अक्षय खन्ना की जगह ली है? अब अजय देवगन ने इस सवाल पर खुद जवाब दिया है और साफ कर दिया है कि दोनों एक्टर्स फिल्म में अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं।

जयदीप अहलावत ने नहीं ली अक्षय खन्ना की जगह

'दृश्यम 3' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अजय देवगन से जयदीप अहलावत और अक्षय खन्ना के किरदारों को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने साफ किया कि फ्रैंचाइजी में दोनों के किरदार एक जैसे नहीं हैं और जयदीप ने अक्षय खन्ना को रिप्लेस नहीं किया है।

अजय ने बताया कि पिछली फिल्म में पुलिस केस को सुलझाने में नाकाम रही थी। अब इसी केस को क्राइम ब्रांच ने अपने हाथ में लिया है। ऐसे में कहानी में जांच का तरीका भी बदल गया है और विजय सलगांवकर के परिवार के सामने खतरा पहले से बड़ा हो गया है। अजय के मुताबिक, फिल्म में किसी किरदार को दोहराया नहीं गया है। अक्षय खन्ना और जयदीप अहलावत दोनों के किरदार अलग हैं और कहानी में उनकी अपनी अलग भूमिका है।

क्राइम ब्रांच की एंट्री से बढ़ेगा खतरा

अजय देवगन ने फिल्म की कहानी में क्राइम ब्रांच की एंट्री को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि जब क्राइम ब्रांच जांच अपने हाथ में लेती है तो इन्वेस्टिगेशन का पूरा तरीका बदल जाता है। ऐसे में फिल्म में पहले से ज्यादा बड़ा खतरा देखने को मिलेगा।

यानी 'दृश्यम 3' में कहानी वहीं से आगे बढ़ रही है, जहां पिछली फिल्म में केस अधूरा रह गया था। इस बार जांच का दायरा बड़ा है और इसी वजह से विजय सलगांवकर के सामने नई चुनौती खड़ी होने वाली है।

मोहनलाल से अजय देवगन चाहते हैं 'मंजूरी'

'दृश्यम 3' को लेकर अजय देवगन ने मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि मोहनलाल फिल्म देखें और अपना फीडबैक दें।

अजय ने माना कि इस फिल्म को बनाना उनके लिए एक बड़ा चैलेंज है, क्योंकि 'दृश्यम' की ओरिजिनल कहानी से जुड़े मोहनलाल और निर्देशक जीतू जोसेफ के साथ इस फ्रैंचाइजी का खास कनेक्शन है। उन्होंने साफ किया कि उनकी फिल्म की कहानी पहले की फिल्मों से अलग है और यह सिर्फ पुरानी कहानी में कुछ बदलाव करके बनाई गई फिल्म नहीं है। अजय ने यह भी कहा कि अगर मोहनलाल फिल्म देखकर इसे पसंद करते हैं, तो उन्हें इससे काफी खुशी होगी। वह मोहनलाल की 'मंजूरी' को खास मानते हैं।

2 अक्टूबर को रिलीज होगी 'दृश्यम 3'

'दृश्यम 3' का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म इसी साल 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री ने कहानी को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि अजय देवगन के बयान से इतना साफ है कि जयदीप का किरदार अक्षय खन्ना के किरदार का रिप्लेसमेंट नहीं है, बल्कि कहानी में एक अलग भूमिका के साथ नजर आएगा।

Updated on:
09 Sept 2026 05:06 pm
Published on:
09 Sept 2026 05:06 pm