
Farhan Akhtar:आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की चर्चित फिल्म 'ललकार' से बाहर होने की खबरों के बीच फरहान अख्तर ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक्टर ने साफ कहा कि उन्होंने कभी इस फिल्म को आधिकारिक तौर पर साइन ही नहीं किया था, इसलिए उससे बाहर निकलने का सवाल ही नहीं उठता।
पिछले कुछ समय से खबरें थीं कि आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'ललकार' में फरहान अख्तर लीड रोल निभाने वाले थे फिर बाद में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं कि शेड्यूलिंग इश्यू के चलते उन्होंने फिल्म छोड़ दी और आरडी बर्मन की बायोपिक को प्राथमिकता दी।
अब Variety India से बातचीत में फरहान अख्तर ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा, "मैं किसी प्रोजेक्ट से कैसे बाहर निकल सकता हूं, जब मैंने कभी ऑफिशियली उसमें एंट्री ही नहीं की?" उन्होंने कहा कि एक कलाकार को कई फिल्मों के ऑफर मिलते हैं, लेकिन हर प्रोजेक्ट साइन नहीं किया जाता।
फरहान अख्तर फिल्म में एक्टिंग नहीं करेंगे, लेकिन वो रितेश सिधवानी के साथ अपने बैनर एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत 'ललकार' को प्रोड्यूस करेंगे। खबरों के अनुसार, फिल्म में फरहान की जगह सिद्धांत गुप्ता को लिया गया है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फरहान अख्तर जल्द ही ब्रिटिश फिल्ममेकर सैम मेंडेस की फिल्म 'द बीटल्स-ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' में महान सितार वादक पंडित रवि शंकर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास 'आरडी बर्मन' की बायोपिक भी है, जिसका डायरेक्शन नीरज पांडे करेंगे।
फरहान इन दिनों 'मिर्जापुर द मूवी' की रिलीज की तैयारी में भी जुटे हैं। फिल्म सितंबर में रिलीज होगी। इसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, रसिका दुगल, श्रिया पिलगांवकर और श्वेता त्रिपाठी समेत कई स्टार्स नजर आएंगे।
बता दें, बॉलीवुड में 2 महीने पहले एक बड़ा विवाद चर्चा में था, जिसमें एक्टर रणवीर सिंह का नाम फरहान अख्तर की मोस्टअवेटेड फिल्म 'डॉन 3' से अचानक हटने के बाद से लगातार सुर्खियों में बना रहा। इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया। हालांकि, अब ये विवाद थम गया है।