
Bollywood Sequel Movies 2023 : साल 2022 अब कुछ दिनों का ही मेहमान रह गया है। जल्द ही नया साल 2023 दस्तक देगा। इसके साथ ही यह साल हिंदी फिल्मों के शौकीनों के लिए काफी मजेदार होने वाला है। क्योंकि साल 2023 में दर्शकों को वह फिल्में देखने को मिलेंगी जिनका इंतजार उन्हें काफी समय से रहा है। इसलिए आज हम आपको बताएंगे उन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में जो बॉक्स आफिस पर काफी हिट रही हैं और अगले साल 2023 में इन फिल्मों का सीक्वल पार्ट (Bollywood Sequel Movies) रिलीज होगा।
गदर 2 (Gadar 2)
सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म गदर साल 2001 में रिलीज हुई थी। फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स आफिस पर सफलता के झंडे गाढ दिए थे। फिल्म के डायलॉग्स को आज भी लोग याद करते हैं। इसी साल गदर के दूसरे पार्ट 'गदर 2' को लेकर जानकारी सामने आई थी। जिसे जानने के बाद ही फैंस काफी खुश हो गए थे। फिल्म की शूटिंग काफी हद तक पूरी हो गई है। अगले साल 26 जनवरी 2023 में फिल्म रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा कर रहें है।
टाइगर 3 (Tiger 3)
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान की फिल्म एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है के बाद 'टाइगर 3' रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ऐसे में फैंस बेसब्री से इसके तीसरे पार्ट का इंतजार रहे हैं। इस बार फिल्म में सलमान खान, कैटरीना कैफ के अलावा इमरान हाशमी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। कुछ महीने पहले ही फिल्म का नया टीजर रिलीज किया गया था जिसमें सलमान खान और कटरीना कैफ एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए थे। ये फिल्म 'टाइगर 3' अगले साल 21 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
यारियां 2 (Yaariyan 2)
दिव्या खोसला कुमार की 'यारियां 2' साल 2014 में आई फिल्म यारियां का सीक्वल है। अक्टूबर महीने में फिल्म का मोशन पोस्टर जारी कर रिलीज डेट का ऐलान किया गया था। फिल्म को 2 मई 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। वहीं इस बार फिल्म में दिव्या खोसला कुमार के साथ यश दासगुप्ता और मीजान जाफरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके अलावा अनस्वरा राजन, वरीना हुसैन और प्रिया वारियर नजर आएंगे। टीवी के जाने-माने एक्टर पर्ल वी पुरी भी इस फिल्म से बॉलीवुड की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
गोलमाल 5 (Golmaal 5)
बॉलीवुड के एक्शन डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने अपनी कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्म 'गोलमाल 5' को लेकर जानकारी शेयर की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि कि पहले वो सिंघम 3 लाने वाले हैं और उसके आते ही या फिर उसके एक साल बाद अजय देवगन के साथ 'गोलमाल 5' पर काम करेंगे। गौरतलब है कि 'गोलमाल' रोहित शेट्टी की काफी पॉपुलर फ्रेंचाइजी है जिसके अंतर्गत दर्शकों को अब तक चार फिल्में देखने को मिल चुकी हैं। हालांकि फिल्म की रिलीजिंग को लेकर अगले साल 2023 तक बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
हेरा फेरी 3 (Hera Pheri 3)
बॉलीवुड की कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्म हेरा फेरी और फिर हेरा फेरी के बाद 'हेरा फेरी 3' को लेकर काफी बज बना हुआ है। कहा जा रहा है कि फिल्म अगले साल 2023 तक बॉक्स आफिस पर दस्तक दे सकती है। हालांकि इस बार फिल्म में अक्षय कुमार नहीं होंगे। जिसपर फैंस काफी नाराज हैं। खबर ये भी है कि फिल्म में कार्तिक आर्यन की एंट्री होगी। जबकि फिल्म से राजू का किरदार हटा दिया जाएगा। अब देखना होगा कि अगले साल यह फिल्म रिलीज हो पाएगी या दर्शकों को अभी इंतजार करना होगा।
दोस्ताना 2 (Dostana 2)
दोस्ताना की सफलता के बाद फिल्म मेकर्स कार्तिक आर्यन और जान्हवी कपूर के साथ फिल्म का दूसरा पार्ट 'दोस्ताना 2' लाने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, कार्तिक आर्यन से झगड़े के बाद उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और प्रोजेक्ट पर ताला लग गया। लेकिन, हाल ही में निर्माता-निर्देशक करण जौहर और एक्टर सिद्धार्थ के बीच हुए मजाक ने फिर से दोस्ताना-2 पर चर्चा तेज कर दी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म के लिए अक्षय कुमार को अप्रोच किया गया है। सब कुछ ठीक रहा तो फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।