मनोरंजन

एक्स बॉयफ्रेंड के पति जैद दरबार को पप्पी देने पर गौहर खान ने दिया रिएक्शन, वीडियो शेयर करते हुए बोलीं- मजा आ गया

Gauahar Khan On Zaid Darbar-Kushal Tandon Kiss: अभिनेत्री गौहर खान ने हाल ही में कुशाल टंडन और पति जैद दरबार के बीच हुई किस को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
3 min read
Jul 31, 2026
Gauahar Khan On Zaid Darbar-Kushal Tandon Kiss
गौहर खान ने कुशाल और जैद के किस पर दिया रिएक्शन (फोटो सोर्स- Instagram/Primevideo)

Gauahar Khan On Zaid Darbar-Kushal Tandon Kiss: रियलिटी शो 'एलायंस' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में हर दिन रिश्तों, रणनीतियों और ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। लेकिन इस बार चर्चा किसी गेम प्लान की नहीं, बल्कि एक ऐसी दोस्ती की हो रही है जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। अभिनेत्री गौहर खान के पूर्व बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन और उनके पति जैद दरबार एक ही शो में नजर आ रहे हैं।

शुरुआत में माना जा रहा था कि दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर तनाव देखने को मिलेगा, लेकिन हुआ ठीक इसका उल्टा। दोनों के बीच शानदार बॉन्डिंग बन गई और अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुशाल, जैद के गाल पर किस करते नजर आते हैं।

गौहर खान का आया मजेदार रिएक्शन

'एलायंस' के हालिया एपिसोड में एक बातचीत के दौरान कुशाल टंडन ने जैद दरबार के गाल पर प्यार से किस कर दिया। यह पल कैमरे में कैद हुआ और सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जाने लगा। इस वीडियो पर खुद गौहर खान ने भी प्रतिक्रिया दी।

गौहर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि जब शो की शुरुआत हुई थी, तब हर किसी को यही लग रहा था कि उनके पति और उनके पूर्व बॉयफ्रेंड के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा। लोगों को उम्मीद थी कि दोनों एक-दूसरे के खिलाफ होंगे, लेकिन शो ने सभी की सोच बदल दी।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आज की यह 'पप्पी' उन सभी लोगों के लिए जवाब है जो दोनों के रिश्ते को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे थे। गौहर ने कहा कि जहां परिपक्वता होती है, वहीं सच्ची दोस्ती भी जन्म लेती है और यह देखना उन्हें बेहद अच्छा लगा।

जैद दरबार की भी की तारीफ

गौहर खान ने सिर्फ कुशाल और जैद की दोस्ती की ही तारीफ नहीं की, बल्कि अपने पति जैद दरबार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शो के दौरान जब भी उनकी करीबी दोस्त डेज़ी शाह के खिलाफ कोई बात हुई, जैद हमेशा उनके समर्थन में खड़े नजर आए। गौहर ने इसे जैद की सबसे अच्छी खूबियों में से एक बताया। इसके अलावा उन्होंने शो की कंटेस्टेंट मिनी माथुर के गेम की भी तारीफ की और उन्हें सबसे समझदार खिलाड़ियों में से एक बताया।

पहले दिन से साथ हैं कुशाल और जैद

शो के प्रीमियर एपिसोड में ही कुशाल टंडन और जैद दरबार ने एक-दूसरे को गले लगाकर सभी को चौंका दिया था। बाद में जैद ने स्वीकार किया था कि शो में आने से पहले वह कुशाल से मिलने को लेकर थोड़े नर्वस थे।

उन्होंने यह भी बताया था कि गौहर खान ने शो में जाने से पहले उनसे सिर्फ इतना कहा था कि कुशाल अच्छे इंसान हैं। पत्नी की इस बात पर भरोसा करते हुए उन्होंने बिना किसी पूर्वाग्रह के कुशाल के साथ रिश्ता बनाया। यही वजह रही कि दोनों पहले दिन से एक ही टीम का हिस्सा बने हुए हैं और लगातार साथ खेल रहे हैं।

फिनाले से पहले बढ़ी शो की चर्चा

'एलायंस' अब अपने अंतिम सप्ताह में पहुंच चुका है। अभिनेता कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो में रणनीति, दोस्ती, धोखा और टास्क के जरिए खिलाड़ी फिनाले तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। शो में कुशाल टंडन, जैद दरबार, एली गोनी, मिनी माथुर, नीति टेलर, रुही दोसानी, सोहेल खान समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।

फिलहाल सोशल मीडिया पर गेम से ज्यादा कुशाल और जदैग की दोस्ती चर्चा का विषय बनी हुई है। जिस रिश्ते को लेकर दर्शकों ने विवाद की उम्मीद की थी, वही अब शो का सबसे सकारात्मक और पसंद किया जाने वाला पहलू बन गया है।

Updated on:
31 Jul 2026 01:09 pm
Published on:
31 Jul 2026 01:09 pm