
Sunita Ahuja affairs claim: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा इन दिनों अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्ते को लेकर दिए जा रहे बयानों के चलते चर्चा में हैं। सुनीता कई बार गोविंदा की शादीशुदा जिंदगी और अफेयर्स को लेकर बात कर चुकी हैं। अब एक्टर ने इन दावों पर सीधे तौर पर सफाई देने के बजाय ऐसा जवाब दिया है, जिसने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींच लिया है।
ANI से बातचीत में गोविंदा ने अपनी प्राइवेट लाइफ और शादी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वो 34 साल की उम्र तक इतने बेगुनाह थे कि उन्हें खुद इस बात पर शर्म आती थी।
इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी चर्चित 'मिठाई की दुकान' वाली बात भी दोहराई। गोविंदा ने कहा, "आप मिठाई की दुकान में रहकर आप भूखे निकले तो क्या दुख है।" उनके इस बयान को सुनीता आहूजा के उन दावों के कॉन्टैक्स में देखा जा रहा है, जिनमें उन्होंने शादी के दौरान गोविंदा के अफेयर्स का जिक्र किया था। हालांकि, गोविंदा ने इस बयान में किसी खास रिश्ते और अफेयर की पुष्टि सीधे तौर पर नहीं की।
गोविंदा ने कहा कि जब से सुनीता ने उनकी प्राइवेट लाइफ के बारे में सार्वजनिक तौर पर बात करना शुरू किया है, तब से वो चर्चा में है। एक्टर ने ये भी कहा कि कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बताया और शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। गोविंदा ने आगे कहा कि अगर वो अपनी जिंदगी के कुछ पहलुओं की सिर्फ एक झलक भी दिखा दें, तो लोगों को रिश्तों में दूरी बनाने के लिए किसी पर आरोप लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनके मुताबिक, कई बार लोग ऐसी बातों को बचने का एक तरीका मान लेते हैं।
गोविंदा ने ये सवाल भी उठाया कि क्या कामयाब होने के लिए किसी को अपने ही परिवार की बुराई करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुनीता ये काम समझदारी से करती हैं और अक्सर आलोचना करने से पहले तारीफ के कुछ शब्द भी कहती हैं। एक्टर ने कहा कि उन्हें इसमें ज्यादा प्यार नजर आता है।
बता दें, गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 1987 में शादी की थी। दोनों ने शुरुआत में अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था। 1989 में बेटी टीना के जन्म तक उनकी शादी को सीक्रेट रखा गया। इसके बाद 1997 में दोनों के बेटे यशवर्धन आहूजा का जन्म हुआ। लंबे समय से शादीशुदा इस कपल की निजी जिंदगी को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं और अब सुनीता के बयानों के बाद गोविंदा की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर इस रिश्ते को सुर्खियों में ला दिया है।