मनोरंजन

Lock Upp में भारी बवाल, हर्षद ने श्रेया को दिखाई मिडल फिंगर, लोग बोले- इसे शो से तुरंत बाहर निकालो

Harshad Chopda-Shreya Kalra Fight In Lock Upp: टीवी अभिनेता हर्षद चोपड़ा की सोशल मीडिया पर अब जमकर क्लास लगाई जा रही है। दरअसल शो के लेटेस्ट प्रोमो में हर्षद ने कुछ ऐसी हरकत कर दी जिससे उनपर लोग भड़क गए हैं।
2 min read
Jul 21, 2026
Harshad Chopda-Shreya Kalra Fight In Lock Upp
'लॉकअप' में हर्षद चोपड़ा ने दिखाई मिडल फिंगल (फोटो सोर्स- Instagram/Netflix)

Harshad Chopda-Shreya Kalra Fight In Lock Upp: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप: सच या सजा' में हर गुजरते दिन के साथ रिश्तों की नई परतें खुल रही हैं। जहां कुछ कंटेस्टेंट अपनी रणनीति और खेल से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं, वहीं कुछ का व्यवहार लगातार विवादों में बना हुआ है। अब अभिनेता हर्षद चोपड़ा एक बार फिर सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के केंद्र में आ गए हैं।

शो के नए प्रोमो में दिखाई गई उनकी एक हरकत के बाद इंटरनेट यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। कई लोगों ने उन्हें 'मैनचाइल्ड' तक कह दिया, जबकि कुछ ने सीधे तौर पर उन्हें शो से बाहर निकालने की मांग कर दी।

खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

आने वाले एपिसोड के प्रोमो में घर के अंदर खाने को लेकर माहौल गर्म होता दिखाई देता है। गैंग लीडर शिवांगी जोशी और श्रेया कालरा के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ जाती है कि खाना सभी कंटेस्टेंट्स के साथ बैठकर खाया जाए या नहीं। श्रेया अपनी अलग राय रखती हैं, जबकि शिवांगी नियमों का पालन करने की बात कहती हैं।

इसी दौरान हर्षद चोपड़ा भी बीच में आ जाते हैं और श्रेया से गैंग लीडर की बात मानने के लिए कहते हैं। लेकिन जब श्रेया उन्हें बीच में न बोलने की सलाह देती हैं तो बहस और तेज हो जाती है। प्रोमो में हर्षद गुस्से में श्रेया की ओर मिडिल फिंगर दिखाते हुए वहां से निकलते नजर आते हैं।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

जैसे ही ये वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने हर्षद के बर्ताव को बचकाना और अस्वीकार्य बताया। कुछ लोगों ने लिखा कि एक जिम्मेदार कलाकार से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती। वहीं कई दर्शकों ने शो के मेकर्स से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें बेघर करने की मांग भी की।

कई यूजर्स का कहना है कि पिछले कुछ समय से हर्षद का गुस्सैल रवैया लगातार देखने को मिल रहा है और वह छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो देते हैं। यही वजह है कि दर्शकों का एक वर्ग अब उनके व्यवहार से नाराज नजर आ रहा है।

पहले भी हो चुका है विवाद

ये पहली बार नहीं है जब हर्षद चोपड़ा और श्रेया कालरा आमने-सामने आए हों। शो की शुरुआत से ही दोनों के बीच कई बार बहस देखने को मिली है। इससे पहले भी एक टास्क के दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हर्षद की काफी आलोचना हुई थी। अब मिडिल फिंगर दिखाने वाली घटना ने इस विवाद को और हवा दे दी है।

तीन हफ्ते बाकी, बढ़ेगा रोमांच

रितेश देशमुख और फराह खान द्वारा होस्ट किए जा रहे इस रियलिटी शो में अब मुकाबला और कठिन हो गया है। कंटेस्टेंट्स को हर टास्क के साथ नए नियमों का सामना करना पड़ रहा है। शो में अभी कई हफ्ते बाकी हैं और ऐसे में दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि इस विवाद पर मेकर्स और होस्ट क्या रुख अपनाते हैं, साथ ही हर्षद चोपड़ा अपनी इस हरकत पर कोई सफाई देते हैं या नहीं।

Updated on:
21 Jul 2026 11:48 am
Published on:
21 Jul 2026 11:48 am