मनोरंजन

‘गुरुर है कि बहुत बड़े हैं’, म्यूजिक लेबल पर भड़के हनी सिंह, बोले- ‘अहंकार तो रावण का भी नहीं रहा’

Honey Singh music controversy: यो यो हनी सिंह ने एक म्यूजिक लेबल पर उन्हें परेशान करने का दावा किया है। रैपर बोले- अगर इतना डिस्टर्ब नहीं किया जाता तो एक महीने में 5 गाने देते।
2 min read
Aug 20, 2026
Honey Singh music label
हनी सिंह का बयान (सोर्स: IMDb)

Honey Singh statement: यो यो हनी सिंह ने एक वीडियो शेयर कर एक म्यूजिक लेबल पर उन्हें परेशान करने का दावा किया है। हालांकि, रैपर ने लेबल का नाम नहीं बताया, लेकिन उनकी बातों से साफ है कि इस परेशानी का असर उनके म्यूजिक पर भी पड़ रहा है। हनी सिंह ने कहा कि अगर उन्हें इस तरह परेशान नहीं किया जाता तो वह एक महीने में 5 गाने तक रिलीज कर सकते थे। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि अगर किसी लेबल को अपनी ताकत पर गुरूर है तो उसे याद रखना चाहिए कि रावण का अहंकार भी नहीं रहा।

'एक लेबल ने मुझे इतना परेशान किया हुआ है'

हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि एक म्यूजिक लेबल ने उन्हें काफी परेशान कर रखा है। उन्होंने कहा, "एक लेबल ने मुझे इतना परेशान किया हुआ है, मेरा भोलेनाथ देख रहा है।"

इसके बाद उन्होंने उस लेबल की ताकत की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर उसे इस बात का गुरूर है कि वह बहुत बड़ा है, तो ये अहंकार ज्यादा दिनों तक नहीं रहना चाहिए। हनी सिंह ने कहा, "अगर उन्हें गुरुर है कि वो बहुत बड़े हैं, तो वो अहंकार तो रावण का भी नहीं रहा, मेरे दोस्तों।"

'नहीं तो एक महीने में 5 गाने देता'

रैपर ने दावा किया कि लेबल से जुड़ी परेशानियों का असर उनके म्यूजिक आउटपुट पर पड़ा है। हनी सिंह के मुताबिक, अगर ऐसी दिक्कतें नहीं होतीं तो वह अब तक एक महीने में पांच गाने तक अपने फैंस को दे चुके होते। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस म्यूजिक लेबल की बात कर रहे हैं।

हनी सिंह ने लेबल का नाम नहीं लिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनके वीडियो पर लगातार सवाल कर रहे हैं कि आखिर वह किस कंपनी या म्यूजिक लेबल की बात कर रहे हैं। हनी सिंह इससे पहले टी-सीरीज और जी म्यूजिक कंपनी जैसे बड़े म्यूजिक लेबल्स के साथ काम कर चुके हैं।

'यश भाई क्या लग रहे हैं यार'

वीडियो में हनी सिंह ने अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स को लेकर भी अपडेट दिया। उन्होंने रैपर एमिवे बंटाई के साथ अपने कोलैबोरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि वह जल्द उनके साथ गाना करना चाहते हैं। हनी सिंह ने कहा कि उनका मूड इसी साल एमिवे के साथ गाना करने का है। उन्होंने एमिवे को मैसेज देते हुए कहा, "मेरे पास दुबई आओ, हबीबी। चलो गाना बनाते हैं।"

हनी सिंह ने इस दौरान अपकमिंग फिल्म 'रामायण' में यश के किरदार और लुक की भी तारीफ की। फिल्म में यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। हनी सिंह ने कहा कि यश उनके बेंगलुरु से हैं और वह रावण के किरदार में काफी शानदार लग रहे हैं। रैपर ने अपनी राय देते हुए यहां तक कहा कि उन्हें यश लीड एक्टर रणबीर कपूर से ज्यादा अच्छे लग रहे हैं। उन्होंने यश के लुक और बातचीत के अंदाज की तारीफ की और उम्मीद जताई कि फिल्म अच्छा प्रदर्शन करेगी और दर्शकों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएगी।

Updated on:
20 Aug 2026 07:34 pm
Published on:
20 Aug 2026 07:34 pm