
Mrunal Thakur Shah Rukh Khan: अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने हाल ही में बताया कि कैसे बॉलीवुड ने प्यार को लेकर उनकी सोच को एक नया रूप दिया है। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान के रोमांटिक किरदारों ने रोमांस को लेकर उनकी उम्मीदों पर गहरा असर डाला है। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में कहा, "शाहरुख खान मेरी जिंदगी में नहीं हैं, यह बात मेरा दिल तोड़ देती है।" उन्होंने आगे कहा कि सुपरस्टार SRK ने रोमांस के स्टैंडर्ड्स इतने हाई कर दिए हैं कि उन्हें अभी तक ऐसा कोई आदमी नहीं मिला, जो पर्दे पर शाहरुख खान के रोमांटिक अंदाज की बराबरी कर सके।
मृणाल ठाकुर ने बताया कि वह 'जवान' एक्टर शाहरुख खान के हर रोमांटिक किरदार को बहुत पसंद करती हैं।
मृणाल ठाकुर ने कहा, "यह बात मेरा दिल तोड़ देती है कि शाहरुख खान मेरी जिंदगी में नहीं हैं। शाहरुख सर ने जो स्टैंडर्ड्स और बेंचमार्क सेट किए हैं… उनके बारे में तो बात ही मत पूछिए। मुझे शाहरुख सर से बेपनाह प्यार है। मेरा मतलब है, उन्होंने पर्दे पर जितने भी किरदार निभाए हैं, वे सभी कमाल के हैं। मुझे नहीं लगता कि मुझे अभी तक कोई ऐसा आदमी मिला है जो शाहरुख सर जितना रोमांटिक हो।"
उन्होंने इस बारे में भी बात की कि क्या हिंदी फिल्मों ने कभी-कभी प्यार को लेकर गलत या बेतुकी सोच को बढ़ावा दिया है। 'सुपर 30' फेम एक्ट्रेस ने कहा कि आज जब वह कुछ पुरानी और मशहूर फिल्मों को दोबारा देखती हैं, तो उन्हें पर्दे पर दिखाई गई कुछ चीजों पर सवाल उठाने का मन करता है।
"हां, जब मैंने कुछ बहुत मशहूर फिल्मों को दोबारा देखा, तो मुझे लगा- 'अरे, ऐसा क्यों?'"
उन्होंने आगे कहा, "देखिए, वह एक अलग दौर था। तब सोशल मीडिया नहीं था। अब है। उस समय सिर्फ फिल्में होती थीं, और फिल्में सिर्फ मनोरंजन के लिए होती थीं। अब नजरिया बदल गया है। मैं खुश हूं कि मैं इस दौर में पैदा हुई हूं, जहां एक महिला के तौर पर मेरे पास यह चुनने की आजादी है कि मैं किस तरह की फिल्मों और जॉनर में काम करना चाहती हूं।"
'है जवानी तो इश्क होना है' की अभिनेत्री ने यह भी कहा कि दर्शक फिल्मों को अलग-अलग तरह से देखते हैं, जो इस बात पर निर्भर करता है कि वे कहानियों और किरदारों को किस तरह समझते हैं।
उन्होंने आगे कहा, "यह लोगों पर निर्भर करता है कि वे किसी फिल्म को किस नजरिए से देखते हैं, क्या वे इससे कोई सीख लेते हैं या इसे सिर्फ मनोरंजन के तौर पर देखते हैं। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन पर फिल्म देखने के बाद भी कोई असर नहीं पड़ता। इसलिए, यह सब नजरिए की बात है। यह पूरी तरह से दर्शकों पर निर्भर करता है।"
मृणाल ठाकुर के वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में उन्हें क्राइम थ्रिलर 'पूजा मेरी जान' में हुमा कुरैशी और विजय राज के साथ देखा गया था। यह फिल्म 2022 में ही पूरी हो गई थी, लेकिन रिलीज होने में कई साल की देरी हुई और बाद में इसे डायरेक्ट OTT पर रिलीज किया गया।