
Mr Beast Shares Bald Eagle Incident: दुनिया के सबसे मशहूर और अमीर यूट्यूबर जिमी डोनाल्डसन, जिन्हें पूरी दुनिया 'मिस्टर बीस्ट' के नाम से जानती है, अपने वीडियोज में जोखिम और हैरान कर देने वाले आइडियाज के लिए मशहूर हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि उनके करियर के सबसे बड़े और महंगे शूट में एक बाल्ड ईगल यानी बाज ने ऐसा रोड़ा अटका दिया कि उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। आखिर क्या है पूरा मामला और कैसे बाज ने यूट्यूबर की नाक में दम कर दिया, चलिए जानते हैं।
मिस्टर बीस्ट ने ये दिलचस्प किस्सा ‘द टुनाइट शो विद जिमी फॉलन’ के एक खास एपिसोड में साझा किया। उन्होंने बताया कि ये शूट उनके अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक था। प्लान ये था कि एक व्यक्ति को एक आलीशान यॉट दी जाए, उसे झील के बीच रखा जाए और फिर 20 तोपों से उस यॉट को डुबाने की कोशिश की जाए। चुनौती ये थी कि यॉट का मालिक मिस्टर बीस्ट के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए किसी भी तरह से अपनी नाव को बचा सके।
सब कुछ तय योजना के मुताबिक चल रहा था। शूट पर पहले ही भारी रकम खर्च हो चुकी थी और तोपों की तैयारी पूरी थी। तभी क्रू के एक सदस्य ने झील के पास बाल्ड ईगल (बाज) का घोंसला देख लिया। मिस्टर बीस्ट ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाल्ड ईगल अमेरिका में एक संरक्षित पक्षी है और उसके घोंसले के पास तेज आवाज करना कानूनन अपराध है।
उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि उन्होंने सोचा था कि घोंसले को कहीं और शिफ्ट कर दिया जाए, लेकिन उन्हें तुरंत बताया गया कि ऐसा करना संघीय अपराध है। इसके बाद उनके पास शूट रोकने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
नतीजा ये हुआ कि पूरी टीम को सामान समेटना पड़ा, शूट रद्द करना पड़ा और एक नई झील पर शिफ्ट होना पड़ा। मिस्टर बीस्ट के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में उन्हें “बेहद ज़्यादा” पैसे खर्च करने पड़े। उन्होंने कहा कि अब वह कोई भी बड़ा शूट शुरू करने से पहले इलाके की पूरी जांच कराते हैं, ताकि भविष्य में ऐसा कुछ दोबारा न हो।
इस एपिसोड में मिस्टर बीस्ट ने सिर्फ अपने नुकसान की कहानी ही नहीं सुनाई, बल्कि दर्शकों को एक बड़ा तोहफा भी दिया। शो के दौरान खेले जाने वाले मशहूर सेगमेंट ‘बॉक्स ऑफ लाइज’ में उन्होंने ऐलान किया कि अगर कोई ब्लफ पकड़ा गया, तो स्टूडियो में मौजूद हर दर्शक को एक हजार डॉलर दिए जाएंगे।
तीसरे राउंड में मिस्टर बीस्ट ने दांव और बढ़ा दिया और वादा निभाते हुए स्टूडियो में मौजूद सभी लोगों को नकद इनाम दिया। इस पल ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।
गौरतलब है कि जून 2025 में फोर्ब्स ने मिस्टर बीस्ट को दुनिया का सबसे ज्यादा कमाने वाला यूट्यूबर घोषित किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने एक साल में करीब 85 मिलियन डॉलर यानी लगभग 705 करोड़ रुपये की कमाई की।