मनोरंजन

‘खाते इस देश का है और लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं’, नसीरुद्दीन शाह पर कंगना रनौत ने बोला हमला

Kangana Ranaut Slams Naseeruddin Shah: अभिनेत्री कंगना रनौत ने हाल ही में एक्टर नसीरुद्दीन शाह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि वो खाते तो इस देश का हैं लेकिन लड़ते पड़ौसी देश के लिए हैं।
3 min read
Aug 11, 2026
Kangana Ranaut Slams Naseeruddin Shah
नसीरुद्दीन शाह पर कंगना रनौत ने बोला हमला ( फोटो सोर्स- Instagram/kanganaranaut)

Kangana Ranaut Slams Naseeruddin Shah: झारखंड में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन और बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी को लेकर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान पर एक बार फिर विवाद छिड़ गया है। अभिनेता पीयूष मिश्रा की टिप्पणी के बाद अब बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा है। कंगना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए शाह को ‘लोमड़ी’ तक कह दिया। उनके बयान के बाद बॉलीवुड और सोशल मीडिया में एक नई बहस शुरू हो गई है।

कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर बोला हमला

नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने इससे पहले सेलिब्रिटीज के विरोध प्रदर्शनों पर बोलने और उनकी चुप्पी को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि कलाकार तब बोलते हैं जब उनका विवेक उन्हें ऐसा करने के लिए कहता है। इसी दौरान उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा था कि मुंह में हड्डी दबाए कुत्ता भौंक नहीं सकता। उनके इस बयान को लेकर उस समय भी काफी चर्चा हुई थी।

अब झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच इस बयान का जिक्र फिर सामने आया। अभिनेता पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह की पुरानी टिप्पणी पर सवाल उठाया और इसी संदर्भ में कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी।

कंगना ने नसीरुद्दीन शाह पर साधा निशाना

कंगना रनौत ने 11 अगस्त को सोशल मीडिया पर नसीरुद्दीन शाह को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि हर इंसान किसी न किसी के प्रति वफादार होता है, लेकिन वो उस देश के साथ खड़े होने में गर्व महसूस करती हैं, जिसका अन्न वो खाती हैं।

इसके बाद कंगना ने नसीरुद्दीन शाह पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें ‘लोमड़ी’ कह दिया। कंगना ने यह भी कहा कि आज के समय में किसी इंसान को ‘कुत्ता’ कहना भी एक तरह से तारीफ माना जा सकता है, क्योंकि वफादारी और मासूमियत दुर्लभ हो गई है। उन्होंने इसी तुलना के आधार पर कहा कि वह नसीरुद्दीन शाह जैसा ‘लोमड़ी’ कहलाने के बजाय कुत्ता कहलाना पसंद करेंगी।

झारखंड में क्यों हो रहा है छात्रों का प्रदर्शन?

ये पूरा विवाद झारखंड में छात्रों और सरकारी नौकरी के अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच सामने आया है। छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांगों में परीक्षा से जुड़ी शिकायतों की जांच और मामले में सीबीआई जांच जैसी मांगें भी शामिल हैं।

25 जुलाई से शुरू हुए आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे। विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस, पानी की बौछार और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किए जाने की खबरें सामने आईं।

सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर फिर छिड़ी बहस

झारखंड के प्रदर्शन के बीच सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि ऐसे मामलों पर फिल्म इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों को अपनी आवाज उठानी चाहिए या नहीं। नसीरुद्दीन शाह पहले ही इस मुद्दे पर अपनी राय रख चुके हैं, जबकि कंगना रनौत लगातार सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुखर रही हैं।

कंगना के ताजा बयान ने इस बहस को और तीखा कर दिया है। अब देखना होगा कि नसीरुद्दीन शाह या बॉलीवुड का कोई अन्य कलाकार इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देता है या नहीं। फिलहाल कंगना और नसीरुद्दीन शाह के बीच बयानबाजी ने सोशल मीडिया पर एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है।

Updated on:
11 Aug 2026 05:01 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:01 pm