
मुंबई। कपिल शर्मा शो की जान कहे जाने वाले 'डॉ मशहूर गुलाटी' यानी की सुनील ग्रोवर अब कपिल के साथ नहीं हैं। दर्शक भी सुनील को मिस करते हैं। कपिल शो के दुबारा शुरू होने के बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि शो के निर्माता सलमान खान उन्हें वापस ले आएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब खुद कपिल अपने शो के एक एपिसोड में डॉक्टर बने नजर आए हैं। ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कपिल के वायरल हुए इस वीडियो में वह 'राजेश अरोड़ा' के किरदार में हैं। इसी किरदार में वह डॉक्टर का पेशा शुरू कर देते हैं। इसमें उनके साथ सपना बने कृष्णा अभिषेक भी हैं। इस एक्ट में कपिल एक मरीज का आॅपरेशन करते हैं। इसी दौरान दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश की जाती है। इसमें बहुत हद तक दोनों कलाकार कामयाब भी दिखाई देते हैं।
फैंस ने कपिल के इस किरदार को सुनील ग्रोवर के डॉ मशहूर गुलाटी वाले किरदार से तुलना करना शुरू कर दिया है। सुनील ग्रोवर फैंस का कहना है कि चाहे कुछ भी कर लो लेकिन डॉ गुलाटी की कमी पूरी नहीं हो पा रही है। कुछ का कहना है कि सुनील के बिना कपिल शर्मा शो फीका ही रहेगा।