मनोरंजन

गौरव खन्ना के शरीर पर चलीं पैलेट गन की गोलियां, तलाक के अनाउंसमेंट के बीच Khatron Ke Khiladi 15 के टास्क में दिखाई हिम्मत

Gaurav Khanna Injury: अभिनेता गौरव खन्ना इन दिनो खतरों के खिलाड़ी 15 में नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऐसा खतरनाक स्टंट परफॉर्म किया है, जिसके बाद अब उनकी काफी तारीफ हो रही है।
3 min read
Aug 03, 2026
Gaurav Khanna Injury
गौरव खन्ना ने दिखाए चोट के निशान (फोटो सोर्स- Instagram/gauravkhannaofficial)

Gaurav Khanna Injury: टीवी के लोकप्रिय अभिनेता गौरव खन्ना इन दिनों रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में अपने दमदार प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि शो के एक खतरनाक स्टंट ने उन्हें ऐसी चोट दी, जिसकी टीस आज भी उन्हें महसूस होती है। हाल ही में अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी पीठ पर पड़े चोट के निशानों की झलक साझा की और इसे अपने जीवन का सबसे दर्दनाक अनुभव बताया।

गौरव खन्ना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी पीठ पर गहरे चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीवी पर उस स्टंट को दोबारा देखते समय भी उन्हें वही दर्द महसूस हुआ। अभिनेता के मुताबिक, यह अनुभव उनके लिए बेहद कठिन था और उस स्टंट को करने वाले चारों प्रतिभागियों को गंभीर तकलीफ झेलनी पड़ी। उन्होंने यह भी बताया कि समय बीत जाने के बावजूद उनके शरीर पर उन चोटों के निशान अब भी मौजूद हैं।

फैंस का फूटा गुस्सा

जैसे ही एपिसोड के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, वैसे ही लोगों के भी रिएक्शन्स आना शुरू हो गए। बता दें लोगों ने गौरव खन्ना के स्टंट के क्लिप्स शेयर करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा- 'आखिर उन्होंने इस तरह के स्टंट को मंजूरी ही क्यों दी? 'खतरों के खिलाड़ी' का मकसद तो अपने डर पर काबू पाना है, न कि प्रतियोगियों को बेवजह की क्रूरता और तकलीफ से गुजरने पर मजबूर करना। उस बुलेट स्टंट से जिन-जिन कंटेस्टेंट्स को गुजरना पड़ा, उन सभी के लिए मुझे सच में बहुत बुरा लग रहा है।'

वहीं एक दूसरे यूजर ने इस स्टंट को करने के लिए विशाल आदित्य सिंह, शगुन शर्मा और गौरव खन्ना की हिम्मत की तारीफ की।

मां थीं बेहद चिंतित

गौरव खन्ना ने इससे पहले एक बातचीत में खुलासा किया था कि उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वह 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा बनें। उनका कहना था कि उनकी मां पहले भी उनके रियलिटी शो के सफर के दौरान काफी तनाव में रहती थीं, लेकिन इस बार मामला मानसिक नहीं बल्कि शारीरिक जोखिम से जुड़ा था।

अभिनेता ने बताया कि उनकी मां बार-बार पूछती थीं कि शो में किस तरह के स्टंट करवाए जाएंगे और क्या पूरी सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। शुरुआत में उन्होंने बेटे को शो करने से मना भी किया था। हालांकि गौरव ने उन्हें भरोसा दिलाया कि हर स्टंट विशेषज्ञों की निगरानी में कराया जाता है और सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जाता है। इसके बाद ही उनकी मां कुछ हद तक आश्वस्त हो सकीं।

शगुन शर्मा ने लगाए गंभीर आरोप

इसी बीच शो से जुड़ा एक और विवाद भी सामने आया है। अभिनेत्री शगुन शर्मा ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि शो के दौरान गौरव खन्ना ने उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी किसी टास्क में कई प्रतियोगी बीच में रुक जाते थे, तब गौरव खासतौर पर उन्हें निशाना बनाते थे और उन्हें कमजोर बताते थे।

शगुन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से उन्हें असहज महसूस होता था। हालांकि गौरव खन्ना की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्टंट और विवाद दोनों से चर्चा में शो

'खतरों के खिलाड़ी 15' की शुरुआत के साथ ही शो लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एक ओर प्रतियोगियों के खतरनाक स्टंट दर्शकों का रोमांच बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शो से जुड़े विवाद भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। गौरव खन्ना की चोटों की तस्वीरों ने यह साफ कर दिया है कि पर्दे पर दिखाई देने वाले स्टंट जितने रोमांचक लगते हैं, उन्हें निभाना उतना ही चुनौतीपूर्ण और दर्दनाक भी होता है।

Updated on:
03 Aug 2026 11:39 am
Published on:
03 Aug 2026 11:39 am