मनोरंजन

कफन साथ लेकर चलता हूं- कॉन्सर्ट में सिंगर लकी अली ने खोला राज, फैंस हुए इमोशनल

Lucky Ali death statement: 67 साल के लकी अली ने कॉन्सर्ट में अपनी मौत को लेकर बात की और कहा कि एक दिन उन्हें जाना होगा। सिंगर ने बताया कि वह ट्रैवल के दौरान अपने साथ इहराम (कफन) रखते हैं।
2 min read
Aug 10, 2026
Lucky Ali death preparation
सिंगर लकी अली ने कॉन्सर्ट में मौत को लेकर कही ऐसी बात (सोर्स: instagram-officialluckyali and farmhouse.music)

Lucky Ali On Death: 67 साल के फेमस सिंगर लकी अली ने हाल ही में एक कॉन्सर्ट के दौरान अपनी जिंदगी और मौत को लेकर ऐसी बात कही, जिसने वहां मौजूद फैंस को इमोशनल कर दिया। अपनी खास आवाज और सुकून भरे गानों के लिए पहचाने जाने वाले लकी अली ने कहा कि उन्हें पता है कि एक दिन उन्हें इस दुनिया से जाना होगा और वो इसके लिए खुद को तैयार मानते हैं। कॉन्सर्ट का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है।

'एक दिन तो मुझे जाना ही होगा'

लकी अली ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कॉन्सर्ट का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वो ऑडियंस से बातचीत करते हुए कहते हैं कि वो अपने फैंस से प्यार करते हैं, लेकिन एक दिन उन्हें जाना होगा। उन्होंने कहा, "मुझे पता है, मैं भी आप सबसे प्यार करता हूं। लेकिन एक दिन, मुझे जाना ही होगा, ना। मैं आपको इसके लिए तैयार नहीं कर रहा हूं, लेकिन मैं असल में तैयार हूं।"

फेमस सिंगर लकी अली के पोस्ट पर फैंस ने किया ऐसा कमेंट

लकी अली की ये बात सुनकर माहौल भावुक हो गया। इसी दौरान एक फैन ने भी उनके लिए दर्शकों के लंबे समय से चले आ रहे प्यार को जाहिर किया और कहा कि 30 साल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने लकी को जाने नहीं दिया। तो वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा,'देश को आप जैसे कलाकारों की जरूरत है, लोगों को ठीक महसूस कराने के लिए और लोगों को ये समझने में मदद करने के लिए कि अपने आसपास के लोगो से प्यार करना चाहिए।' तो तीसरे ने लिखा- 'My fav of all time', और अन्य ने लिखा मैं खुशकिस्मत हूं कि जब भी वो मेरे शहर में होते हैं, मैं उनके सभी कॉन्सर्ट में जाता हूं। मेरा पूरा बचपन इन्हें देखते हुए गुजरा है, थैंक्स लकी सर! आप हमेशा बेस्ट होते हैं।

'अपने साथ कफन लेकर ट्रैवल करता हूं'

लकी अली ने आगे बताया कि वो जब भी यात्रा करते हैं, तो अपने साथ इहराम रखते हैं। उन्होंने इसे अपना दफनाने का कपड़ा बताते हुए कहा, "जब भी मैं ट्रैवल करता हूं, तो मैं अपने इहराम के साथ ट्रैवल करता हूं, जो मेरा दफनाने का कपड़ा है। जहां भी मर जाऊं, वहीं गाड़ दो मुझे।" उनकी इस बात ने फैंस को और इमोशनल कर दिया। वीडियो में लकी अली जिंदगी और मौत को लेकर अपने विचार बेहद सहज अंदाज में शेयर करते नजर आ रहे हैं।

90 के दशक में बनाई खास पहचान

लकी अली 1990 के दशक में इंडियन इंडिपॉप के चर्चित नामों में शामिल रहे हैं। उनका पहला सोलो एल्बम 'सुनोह' खास तौर पर लोकप्रिय हुआ था। इसी एल्बम का गाना 'ओ सनम' 3 जून, 1996 को रिलीज हुआ था और लकी अली की पहचान को एक नई ऊंचाई मिली।

बता दें, लकी अली बॉलीवुड के कई यादगार गानों के लिए भी जाने जाते हैं। इनमें 'गोरी तेरी आंखें कहें', 'तेरी याद जब आती है', 'ना तुम जानो ना हम', 'हैरत', 'एक पल का जीना', 'आहिस्ता आहिस्ता' और 'सफरनामा' जैसे गाने शामिल हैं। अपनी अलग और भावपूर्ण आवाज के चलते वह आज भी म्यूजिक लवर्स के बीच खास जगह रखते हैं।

Updated on:
10 Aug 2026 03:06 pm
Published on:
10 Aug 2026 02:52 pm