मनोरंजन

नाना पाटेकर की वो क्लासिक फिल्म जिसका बना हॉलीवुड रीमेक, ‘मार्वल’ स्टार ने निभाया था ‘अन्ना’ का आइकॉनिक किरदार

Nana Patekar Parinda Hollywood Remake: नाना पाटेकर की 'परिंदा' का 2015 में हॉलीवुड रीमेक 'ब्रोकन हॉर्सेज' बना था। उनके अन्ना वाले रोल में मार्वल स्टार विंसेंट डी'ओनोफ्रियो दिखे थे।
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2026, 6:25 PM IST
Nana Patekar Parinda Hollywood Remake
नानापाटेकर की फिल्म परिंदा के एक सीन की फोटो। (फोटो सोर्स: IMDb)

Nana Patekar Parinda Hollywood Remake: भारतीय सिनेमा पर सालों से हॉलीवुड फिल्मों की कॉपी करने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसी फिल्मों की लिस्ट बहुत लम्बी है। हालांकि, ऐसा बहुत कम हुआ है, जब इंडियन फिल्मों की कॉपी हॉलीवुड ने की हो। इन गिनी-चुनी हिंदी फिल्मों में नाना पाटेकर की क्लासिक फिल्म 'परिंदा' का नाम भी है। नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके करियर की इस खास फिल्म की एक बार फिर से चर्चा हो रही है।

80 के दशक की इस फिल्म का बना था रीमेक

परिंदा फिल्म ने नाना पाटेकर को उनका पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिलाया था। 1989 में विधु विनोद चोपड़ा ने 'परिंदा' बनाई। इसे अक्सर उन शुरुआती बॉलीवुड फिल्मों में से एक माना जाता है जिन्होंने अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स को असलियत के करीब दिखाने का एक नया तरीका पेश किया। फिल्म में अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ ने भाइयों की भूमिका निभाई थी, जो अन्ना (नाना पाटेकर) एक खूंखार डॉन के लिए काम करते थे और उसी के साथ रहते थे। माधुरी दीक्षित अभिनीत यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही फिल्म का गाना 'तुमसे मिलके' जिसे सुरेश वाडकर और आशा भोसले ने गया था, उस दौर में चार्ट में टॉप पर रहा था।

परिंदा को मिले थे 2 नेशनल और 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स

फिल्म को क्रिटिक्स द्वारा खूब सराहा गया था। 'परिंदा' ने दो नेशनल फिल्म अवॉर्ड और पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड्स जीते थे। इतना ही नहीं साल 1990 में इस 'बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म' के लिए एकेडमी अवॉर्ड (Oscar) के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के तौर पर भेजा गया था।

तमिल के बाद आया परिंदा का हॉलीवुड रीमेक

1998 में इस फिल्म का तमिल रीमेक 'आसै थंबी' बना। हैरान करने वाली खबर 2012 में आई, जब विधु विनोद चोपड़ा ने इसे हॉलीवुड कलाकारों के साथ अमेरिकी दर्शकों के लिए बनाने का एलान किया। इस रीमेक का नाम था 'ब्रोकन हॉर्सेज़'। फिल्म में एंटन येल्चिन और क्रिस मार्क्वेट दोनों भाइयों की भूमिका में थे। अन्ना (नाना पाटेकर) का किरदार, इस फिल्म में जिसका नाम जूलियस हेंच था, और इस किरदार को विंसेंट डी'ओनोफ्रियो ने निभाया था।

अमेरिकी वेस्टर्न अंदाज में ढली कहानी

'ब्रोकन हॉर्सेज' में बड़े-बड़े रैंच, काउबॉय और गोलीबारी के साथ अमेरिकी वेस्टर्न फिल्मों की झलक दिखाई गई थी। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी टॉम स्टर्न ने की थी, जबकि ऑस्कर-नामांकित जॉन डेबनी ने इसका संगीत दिया था। रिलायंस एंटरटेनमेंट और फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने फिल्म को बनाया और दुनियाभर में रिलीज किया। करीब ढाई घंटे लंबी 'परिंदा' के मुकाबले 'ब्रोकन हॉर्सेज' सिर्फ 1 घंटा 41 मिनट की थी।

बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही 'ब्रोकन हॉर्सेज'

बड़ी स्टारकास्ट और अच्छी टीम के बावजूद फिल्म नहीं चली। आलोचकों ने इसे 'ओवररॉट' यानी जरूरत से ज़्यादा भावुक बताया। करीब 15 मिलियन डॉलर में बनी यह फिल्म भारत में 1 करोड़ रुपये से भी कम और अमेरिका में लगभग 65 हजार डॉलर ही कमा पाई। दुनिया भर में इसकी कमाई 3 लाख डॉलर से कम रही, जो उस साल की किसी मेनस्ट्रीम हॉलीवुड फिल्म के लिए सबसे कम में से एक थी।

Updated on:
8 Oct 2026, 6:25 PM IST
Published on:
Also Read
View All