
Prakash Raj On Neha Bora Ink Controversy: झारखंड में छात्रों के आंदोलन के दौरान AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की घटना ने विवाद खड़ा कर दिया है। घटना के बाद नेहा बोरा ने सोशल मीडिया पर कड़ा जवाब दिया। वहीं, अभिनेता प्रकाश राज भी पहले छात्र आंदोलन के समर्थन में सामने आ चुके हैं।
झारखंड में छात्रों और युवाओं के आंदोलन को लेकर सियासत और सोशल मीडिया दोनों जगह बहस तेज हो गई है। भर्ती परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की घटना सामने आई। इसके बाद मामला सिर्फ प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
नेहा बोरा ने इस घटना के बाद जिस अंदाज में जवाब दिया, उसने भी लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, अभिनेता प्रकाश राज का नाम भी छात्र आंदोलन से जुड़ चुका है। इससे पहले वह छात्रों के समर्थन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचे थे और प्रदर्शनकारियों के साथ अपनी एकजुटता जाहिर की थी।
झारखंड में छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान रांची में विधानसभा मार्च के दौरान AISA से जुड़ी नेहा बोरा और झारखंड की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्प दीप पर कथित तौर पर स्याही फेंकी गई। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। रिपोर्टों के मुताबिक उसकी पहचान अमरनाथ पांडेय के तौर पर हुई है। पुलिस कार्रवाई के बाद घटना ने राजनीतिक और सामाजिक बहस का रूप ले लिया।
नेहा बोरा ने अपने वीडियो में कहा कि अगर किसी को लगता है कि स्याही फेंककर उन्हें या उनके साथ खड़ी महिलाओं को डराया जा सकता है, तो यह उनकी बड़ी भूल है। उन्होंने आंदोलन को छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और बेहतर अवसरों से जोड़ते हुए कहा कि संघर्ष करने वालों के हौसले किसी हमले से खत्म नहीं होते।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन में प्रतिक्रियाएं आने लगीं। नेहा ने एक पोस्ट में लिखा कि इसी स्याही से बेहतर भविष्य और बदलाव की कहानी लिखी जाएगी। नेहा के वीडियो को रिपोस्ट करते हुए प्रकाश राज ने लिखा- मॉर पावर टु यू नेहा
प्रकाश राज लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। छात्र आंदोलन के दौरान वह जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच नजर आए।
उनकी मौजूदगी ने आंदोलन को काफी चर्चा दिलाई। एक वीडियो में प्रकाश राज ने प्रदर्शन स्थल से युवाओं की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा था कि देश के युवा सवाल उठा रहे हैं। प्रकाश राज ने प्रदर्शनकारियों के साथ नारे भी लगाए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर लगाए जा रहे नारे में भी हिस्सा लिया। यानी नेहा बोरा के झारखंड आंदोलन से पहले ही प्रकाश राज छात्र आंदोलनों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके थे।
झारखंड में छात्र और नौकरी की तैयारी कर रहे युवा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रक्रिया से जुड़ी अपनी शिकायतों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रों की प्रमुख चिंताओं में JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। आंदोलन लंबा खिंचने के बाद सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत की प्रक्रिया भी शुरू हुई है। ऐसे में नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की घटना ने आंदोलन को एक नया मोड़ दे दिया है।