मनोरंजन

न ऑडिशन, न स्ट्रगल, सड़क पर मिली एक अनजान शख्स की सलाह ने आर माधवन को बना दिया सुपरस्टार

R Madhavan Acting Journey: धुरंधर एक्टर आर माधवन ने बताया कि कैसे एक अजनबी द्वारा उन्हें एक्टिंग का ऑफर दिया गया था, और उनको लगा कि ये कोई स्कैम है। उस टाइम उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सड़क पर हुई एक अजनबी से मुलाकात उनकी जिंदगी को हमेशा के लिए बदल देगी।
3 min read
Jul 12, 2026
R Madhavan First Acting Offer
आर माधवन की एक्टिंग की शुरुआत कैसे हुई। (फोटो सोर्स: IMDb)

R Madhavan First Acting Offer: साउथ सिनेमा हो या हिंदी सिनेमा आर माधवन को कौन नहीं जानता। माधवन आज के टाइम में एक ऐसे भारतीय अभिनेता हैं जिनको सबसे भरोसेमंद और बहुमुखी एक्टर्स में गिना जाता है। चाहे की विलेन कर किरदार हो या रोमांटिक हीरो या फिर धुरंधर में अजय सान्याल की भूमिका वो हर रोल में जान फूंक देते हैं. लेकिन शायद आपको पता नहीं होगा कि उनका ये फिल्मी सफर आम संघर्ष की कहानी जैसा नहीं रहा। फिल्मों में आने के लिए उन्होंने न तो सालों तक ऑडिशन दिए और न ही एक्टिंग के पीछे भागते रहे। उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब मुंबई की एक सड़क पर एक अजनबी ने उनसे पूछा कि क्या वह फिल्मों में काम करना चाहेंगे।

जाने-माने राइटर चेतन भगत के साथ एक पुराने इंटरव्यू में आर माधवन ने बताया कि शुरुआत में उन्हें ये ऑफर धोखा या स्कैम लगा था। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ये छोटी-सी मुलाकात उनकी पूरी जिंदगी बदल देगी।

17 साल की उम्र में लिख दिया था सपना

इस बातचीत में 'रहना है तेरे दिल में', एक्टर आर माधवन ने बताया कि जब वो 12वीं कक्षा में थे, तब उन्होंने अपनी डायरी में जीवन का लक्ष्य लिखा था। उन्होंने बताया थे “मैंने अपनी डायरी में लिखा था कि मैं जैक ऑफ ऑल ट्रेड्स और मास्टर ऑफ सम” बनना चाहता हूं. इसके अलावा मैंने लिखा था कि एक दिन मैं दिन अमीर और मशहूर अभिनेता बनूंगा। मैंने 17 साल की उम्र में अपनी नोटबुक में लिखा था कि मैं एक सफल अभिनेता बनना चाहता हूं। आज भी वह नोटबुक मेरे पास है।”

‘बेवकूफ बनो, बड़े सपने देखो’

इसके आगे उन्होंने कहा कि लोग अक्सर बड़े सपने देखने से डरते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि दूसरे उन्हें पागल समझेंगे। उन्होंने कहा कि सपनों की कोई सीमा नहीं होनी चाहिए। “ऐसे सपने देखो जिन पर लोग यकीन न करें। एक समय मैं जमशेदपुर में बैठकर अमिताभ बच्चन की फिल्में देखा करता था। फिर वही दिन आया जब मैं उनके साथ फिल्म कर रहा था। मैंने इसे पहले ही अपने मन में देख लिया था।” माधवन के मुताबिक, अगर इंसान खुद पर भरोसा रखे तो असंभव लगने वाली चीजें भी सच हो सकती हैं।

मुंबई आए थे पढ़ाने, हीरो बनने नहीं

आपको जानकर हैरानी होगी कि आर माधवन मुंबई एक्टिंग करने नहीं आए थे। वो तो कम्युनिकेशन स्किल्स और पब्लिक स्पीकिंग ट्रेनर के तौर पर काम करते थे। उस समय उनकी कमाई 70 से 80 हजार रुपये महीना थी, जो उस समय के हिसाब से काफी बड़ी रकम मानी जाती थी। उन्होंने बताया, “मैं एक्टिंग के बारे में सोच भी नहीं रहा था। मैं अच्छा कमा रहा था और अपनी जिंदगी में खुश था। तभी एक दिन अचानक एक व्यक्ति सड़क पर मिला और उसने पूछा कि क्या मैं एक्टिंग करना चाहूंगा। पहले मुझे लगा कि ये कोई फ्रॉड है और स्कैम है, लेकिन वहीं से मेरी शुरुआत हुई।”

एक मुलाकात ने बदल दी किस्मत

इसको किस्मत ही कहेंगे कि उस अनजान शख्स से हुई मुलाकात के बाद माधवन को मणिरत्नम की फिल्म 'अलैपायुथे' में लीड रोल मिला। ये माधवन की पहली फिल्म थी जो साल 2000 में रिलीज हुई और बहुत बड़ी हिट साबित हुई जिसके बाद माधवन रातोंरात स्टार बन गए। यहीं से शुरू हुए इस सफर में उन्होंने तमिल, हिंदी और तेलुगु सिनेमा में लगातार यादगार काम किया और खुद की एक सफल और बेहतरीन एक्टर से रूप में पहचान बनाई।

आर. माधवन का फिल्मी सफर

भारतीय सिनेमा में 'अलैपायुथे', 'रहना है तेरे दिल में' से अपनी पहचान बनाने वाले आर. माधवन ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया। '3 इडियट्स', 'तनु वेड्स मनु', 'साला खड़ूस', 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' और 'शैतान' जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीता। उनके हालिया फिल्मों की बात की जाए तो उन्होंने 'हिसाब बराबर', 'टेस्ट', 'केसरी चैप्टर 2', 'आप जैसा कोई', 'दे दे प्यार दे 2' और 'धुरंधर' जैसी फिल्मों में वो अलग-अलग किरदारों में नजर आए। साल 2025-26 की बात करें तो वो 'धुरंधर', और 'धुरंधर: द रिवेंज' में अपने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नजर आये. उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में 'दही चीनी' और तमिल बायोपिक 'जी.डी. नायडू' जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स के नाम शामिल हैं। आर माधवन को भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने साल 2026 में उन्हें पद्म श्री अवॉर्ड से भी सम्मानित किया।