
Raja Chaudhary Daughter Palak Tiwari: श्वेता तिवारी एक उभरती हुई एक्ट्रेस थीं जब उनकी मुलाकात स्ट्रगल कर रहे एक्टर राजा चौधरी से हुई और तीन महीने के अंदर ही दोनों ने शादी कर ली। शादी के शुरुआती दिनों से ही परेशानियां शुरू हो गईं और कुछ सालों बाद, जब श्वेता 'कसौटी जिंदगी की' जैसे टीवी शो से घर-घर में मशहूर हो गईं, तब दोनों का तलाक बहुत बुरे हालातों में हुआ। उनकी बेटी पलक तिवारी, जो अब एक एक्ट्रेस हैं, सिर्फ आठ साल की थीं जब उनके पेरेंट्स अलग हुए और पिता के अनुसार, उन्होंने पिछले 18 सालों में अपनी बेटी से सिर्फ दो या तीन बार ही बात की है। हाल ही में सिद्धार्थ कनन के साथ एक इंटरव्यू में, राजा ने अपनी मुश्किल शादी के बारे में खुलकर बात की और कहा कि उस समय वो तलाक को समझदारी से संभालने के लिए "काफी मैच्योर" नहीं थे।
अपनी बेटी पलक के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक वह आठ साल की नहीं हो गई, तब तक वह रोज उसकी देखभाल करते थे। उन्होंने कहा, “शनिवार का दिन ‘डैडीज डे’ होता था। मैं उसे स्विमिंग, शॉपिंग, हर चीज के लिए बाहर ले जाता था। मैं उसे स्कूल ले जाता और वापस लाता था।” उन्होंने आगे कहा कि पिछले 18 सालों में उन्होंने अपनी बेटी से सिर्फ 2-3 बार बात की है। मुझसे कहा गया था, 'मैं बस बायोलॉजिकल पिता हूं, बस इतना ही मुझे यही बताया गया था। मुझसे कहा गया था कि मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं है।"
जब उनसे पलक के करियर और सोशल मीडिया एक्टिविटी के बारे में पूछा गया, तो राजा चौधरी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर उससे जुड़ी हर चीज को ब्लॉक कर दिया है। उन्होंने कहा, "मैं उनकी तस्वीरें या वीडियो नहीं देखना चाहता क्योंकि मैंने उन्हें मनाने की पूरी कोशिश कर ली है। मैंने खुद को सही साबित करने और यह बताने की बहुत कोशिश की है कि मैं उन्हें कितना याद करता हूं। अब मैं और ऐसा नहीं करना चाहता।"
उन्होंने याद किया कि आखिरी बार उन्होंने पलक को जुलाई 2022 या 2023 में अपने जन्मदिन पर देखा था, लेकिन पलक सिर्फ़ 10 मिनट में ही चली गई थीं। उन्होंने कहा, "वह मेरा जन्मदिन था और वह मुझसे मिलने मेरे घर आई थीं। लेकिन वह यह कहकर 10 मिनट में ही चली गईं कि उन्हें कुछ काम है। मैंने उन्हें बुलाया था। मैंने उनसे कहा था कि मैं उनके लिए खाना बनाऊंगा क्योंकि मेरा जन्मदिन था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने उनसे कहा, 'तुम अपनी मां के साथ आ सकती थीं'।" उन्होंने माना कि हो सकता है कि इस बात से पलक को बुरा लगा हो।
इब्राहिम अली खान और पलक तिवारी के कथित रिश्ते के बारे उन्होंने कहा, "वह अकेले नहीं रह रही हैं। हर किसी की गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड होते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अगर वह मेरी ज़िंदगी का हिस्सा होतीं तो मुझे फ़र्क पड़ता, लेकिन वह मुझे पिता नहीं मानतीं। आपको उनकी मां से पूछना चाहिए कि क्या उन्हें इससे फर्क पड़ता है। मुझे क्यों फर्क पड़ना चाहिए? मैं बस बायोलॉजिकल पिता हूं, बस इतना ही। मुझे यही बताया गया था। मुझसे कहा गया था कि मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। और इस बारे में आप उनकी मां श्वेता से पूछिए, क्या उनको फर्क पड़ता है?आप इसके बारे में क्या कर सकते हैं?" इतना सब होने के बावजूद, उन्होंने कहा कि भले ही वह उनकी जिंदगी पर नजर नहीं रखते, लेकिन अगर वह उन्हें बुलाएंगी तो वह उनके लिए मौजूद रहेंगे।
श्वता तिवारी और अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं बिना पैसे वाला घरेलू नौकर और ड्राइवर था।” उन्होंने बताया कि जब श्वेता डेली 16 घंटे से ज्यादा काम करती थीं, तब वो घर की देखभाल करते थे। उन्होंने कहा, “हम बस लड़ते रहते थे, एक-दूसरे को समझ नहीं पाते थे। मैं अपनी बात साबित करने की कोशिश करता था और वो अपनी, लेकिन किसी की बात साबित नहीं हो पाती थी। बस एक टूटा हुआ परिवार था।”
राजा ने आरोप लगाया कि श्वेता ने “रिश्ता बचाने की कभी कोई कोशिश नहीं की। वो बस जाना चाहती थीं। वो बस मुझसे दूर रहना चाहती थीं। उन्होंने यह पहले ही तय कर लिया था। वरना, पुलिस आपके घर आकर तुरंत घर खाली करने के लिए कैसे कह सकती है, जबकि आप घर के को-ओनर हों? क्या ये कानूनी भी है?” श्वेता ने राजा पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे।