
Samay Raina On Ahmedabad Plane Crash: कॉमेडी और विवादों के लिए चर्चा में रहने वाला शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' एक बार फिर सुर्खियों में है। शो के दूसरे सीजन का नया एपिसोड नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है, जिसमें अभिनेता वरुण धवन, अभिनेत्री मेधा शंकर, कॉमेडियन निशांत तंवर और शेरन वर्मा जैसे चेहरे पैनल का हिस्सा बने। एपिसोड के दौरान अहमदाबाद से आए एक कंटेस्टेंट ने फ्लाइट को लेकर बात करने की कोशिश की, लेकिन बात अहमदाबाद विमान हादसे की तरफ जाती देख शो के होस्ट समय रैना ने तुरंत उसे रोक दिया। समय ने इस पूरे मामले पर कोई भी कमेंट करने से खुद को रोका।
एपिसोड में विजय पोरिया नाम के कंटेस्टेंट अपनी कॉमेडी से पैनल को हंसाने की कोशिश करते नजर आए। शुरुआत में उन्होंने कुत्तों और फिल्म 'भेड़िया' से जुड़े मजाक किए। कंटेस्टेंट को सहज महसूस कराने के लिए समय रैना ने उनसे फ्लाइट के डर को लेकर सवाल किया। समय ने पूछा कि उन्हें फ्लाइट से इतना डर क्यों लगता है। विजय ने पहले मजाकिया अंदाज में कहा कि फ्लाइट काफी महंगी होती हैं। इसके बाद उन्होंने बताया कि वो अहमदाबाद से हैं और फिर एक साल पहले की एक घटना का जिक्र करने लगे।
विजय ने कहा कि वह छत पर आराम कर रहे थे, तभी एक दोस्त का फोन आया और उसने उन्हें अपनी बाईं तरफ देखने को कहा। उनका इशारा अहमदाबाद विमान हादसे की तरफ था।
कंटेस्टेंट की बात आगे बढ़ने से पहले ही समय रैना ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि क्या वह ऐसा कोई दूसरा जवाब दे सकते हैं जिसे शो में रखा जा सके। इसके बाद समय ने दोबारा वही सवाल पूछा कि आखिर विजय को फ्लाइट से इतना डर क्यों लगता है।
इस बार विजय ने तुरंत जवाब दिया कि फ्लाइट काफी महंगी होती हैं। उनका यह जवाब सुनकर पैनल में मौजूद वरुण धवन समेत सभी लोग हंस पड़े। इस पूरे घटनाक्रम में समय रैना का कंटेस्टेंट को रोकना भी चर्चा का विषय बन गया है।
जिस घटना का संदर्भ कंटेस्टेंट देने जा रहा था, वो 12 जून 2025 को हुआ अहमदाबाद विमान हादसा था। गुजरात से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट ने उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटना का सामना किया था। हादसे में विमान में सवार लोगों के अलावा जमीन पर मौजूद लोगों की भी जान गई थी। यह दुर्घटना देश की सबसे गंभीर विमान हादसा घटनाओं में शामिल रही।
ऐसे संवेदनशील हादसे पर मजाक को आगे बढ़ाने के बजाय समय रैना ने कंटेस्टेंट को दूसरा जवाब देने के लिए कहा। इसके बाद माहौल को हल्का करने के लिए विजय ने फ्लाइट की कीमत को लेकर ही पंचलाइन दे दी।
एपिसोड में समय रैना ने अपने लाइव शो को लेकर भी बात की। विजय ने उनसे अहमदाबाद में लाइव शो करने की अपील की और कहा कि वहां कॉमेडी के लिए दर्शकों के बीच जगह बननी चाहिए। इस पर समय ने मजाकिया अंदाज में बताया कि वह खुद पिछले एक साल से अहमदाबाद में अपना शो नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने अहमदाबाद के अधिकारियों से शो की अनुमति देने की अपील भी की। वरुण धवन यह सुनकर हैरान रह गए और उन्होंने समय से पूछा कि क्या उन्होंने गुजरात में शो नहीं किया है। जब समय ने बताया कि उन्हें अनुमति नहीं मिली, तो वरुण ने मदद करने की पेशकश की। इसके जवाब में समय ने मजाकिया अंदाज में वरुण से 'चुप रहने' को कहा, जिसके बाद पूरा पैनल हंस पड़ा।
समय रैना का यह शो पहले भी विवादों में रह चुका है। 2025 में शो के एक एपिसोड में कथित अश्लील और आपत्तिजनक मजाक को लेकर समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा विवादों में घिर गए थे। मामले में एफआईआर तक दर्ज हुई थी और शो को यूट्यूब से हटा दिया गया था। बाद में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' ने Netflix के जरिए दोबारा वापसी की।