मनोरंजन

‘मुझे बहुत शर्म महसूस होती थी’, Sana Saeed का छलका दर्द, बोलीं- बीमारी पहचानने में 6 साल, ठीक होने में लगे 4 साल

Sana Saeed Bulimia: 'कुछ कुछ होता है' की चाइल्ड स्टार सना सईद ने पहली बार बुलिमिया से अपनी लंबी लड़ाई पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि छह साल तक बीमारी का पता नहीं चला और पूरी तरह ठीक होने में चार साल लग गए। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में बॉडी इमेज के दबाव पर भी अपनी राय रखी।
2 min read
Jul 27, 2026
Sana Saeed Bulimia
'कुछ कुछ होता है' की चाइल्ड स्टार सना सईद ( फोटो सोर्स-IMDb)

Sana Saeed Bulimia: 'कुछ कुछ होता है' में छोटी अंजलि का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सना सईद ने पहली बार अपने निजी संघर्ष पर खुलकर बात की है। अमेरिका में अपनी प्रोडक्शन कंपनी चला रहीं सना ने बताया कि वो कई सालों तक बुलिमिया नर्वोसा (Bulimia Nervosa) गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर से जूझती रहीं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें ये तक समझ नहीं आया कि आखिर उनके साथ हो क्या रहा है।

'6 साल तक समझ नहीं आया कि मैं किस दौर से गुजर रही हूं'

HT को दिए इंटरव्यू में सना ने बताया कि करीब 6 साल तक उन्हें अपनी बीमारी का पता ही नहीं चला। उन्होंने कहा कि वो लगातार शर्मिंदगी महसूस करती थीं और उन्हें लगता था कि शायद सिर्फ वही इस तरह की समस्या का सामना कर रही हैं।

सना के अनुसार, उन्हें अपनी स्थिति की सही जानकारी तब मिली जब उन्होंने रिकवरी से जुड़ी एक किताब पढ़ी। उसी किताब से उन्हें समझ आया कि वो बुलिमिया जैसी गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर से जूझ रही हैं।

4 साल में पूरी हुई रिकवरी

एक्ट्रेस ने बताया कि बीमारी की पहचान होने के बाद भी पूरी तरह ठीक होने में उन्हें 4 साल का समय लगा। उन्होंने कहा कि वो सामान्य और स्वस्थ तरीके से खाना चाहती थीं और धीरे-धीरे इलाज, जागरूकता और आत्मविश्वास की मदद से उन्होंने इस बीमारी पर काबू पाया। साथ ही, सना ने कहा कि अब वो इसलिए अपनी कहानी सार्वजनिक कर रही हैं ताकि अगर उनकी बात किसी एक व्यक्ति को भी अकेला महसूस न करने में मदद करे, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

फिल्म इंडस्ट्री में दिखने का दबाव भी बना वजह

'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की एक्ट्रेस ने मनोरंजन जगत में बढ़ते बॉडी इमेज प्रेशर पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों से ही आसपास डाइट, वजन घटाने और फिट दिखने की बातें होती रहती थीं।

सना के अनुसार, कैमरे के सामने रहने वाले स्टार के लिए उनकी शारीरिक बनावट भी पेशे का हिस्सा बन जाती है। लगातार मिलने वाली टिप्पणियां व्यक्ति के अपने शरीर के प्रति नजरिए को प्रभावित करती हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उस समय वो अपनी आत्मसम्मान को अपने लुक्स से अलग करके नहीं देख पाती थीं।

क्या होता है बुलिमिया?

बुलिमिया नर्वोसा एक गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर है, जिसमें व्यक्ति बार-बार जरूरत से ज्यादा भोजन करता है और फिर वजन बढ़ने के डर से उसे कम करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाता है। ये मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों पर गंभीर असर डाल सकता है और समय रहते इलाज बेहद जरूरी होता है।

Updated on:
27 Jul 2026 07:03 pm
Published on:
27 Jul 2026 07:03 pm