
Saqib Saleem Viral Post: बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के भाई और एक्टर साकिब सलीम ने सोशल मीडिया पर एक संवेदनशील पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, उनके कंसेंट और समाज की सोच को लेकर एक जरूरी सवाल किया है। साकिब ने अपनी पोस्ट में महिलाओं को लेकर होने वाली विक्टिम-ब्लेमिंग वाली मानसिकता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, ‘देवी बनाने से पहले इंसान तो मानो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की शुरुआत उन्हें एक इंसान के तौर पर सम्मान देने से होती है। एक्टर की इस पोस्ट पर यूजर्स भी रिएक्शन दे रहे हैं।
साकिब सलीम ने अपनी पोस्ट में लिखा, “देवी बनाने से पहले इनको इंसान तो मानो, हाथ लगाने से पहले इजाज़त तो मांगो।” कहते हो कपड़े छोटे थे उसके, 'She was wanting it herself', कपड़े नहीं, सोच छोटी है तुम्हारी, चाहे स्कर्ट हो या साड़ी, खतरे में है इस देश की नारी, एक दिन इस देश में लड़की बनके तो देखो।
साकिब की पोस्ट की आखिरी लाइन, “एक दिन इस देश में लड़की बनके तो देखो।” इस लाइन के जरिए उन्होंने महिलाओं के रोजमर्रा के अनुभवों और असुरक्षा को समझने की बात कही है।
साकिब सलीम की यह पोस्ट महिलाओं की सुरक्षा, सहमति और सम्मान जैसे मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण सामाजिक सवाल उठाती है। उनका संदेश इस बात पर केंद्रित है कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके पहनावे या व्यवहार पर नहीं डाली जानी चाहिए, बल्कि समाज में सम्मान, सहमति और बराबरी की सोच को मजबूत किया जाना चाहिए।
साकिब ने अपनी इन लाइन्स से महिलाओं की सहमति और सम्मान से जुड़ा सन्देश दिया है। किसी भी व्यक्ति को छूने या उसके साथ किसी तरह का व्यवहार करने से पहले उसकी इच्छा और सहमति का सम्मान करना जरूरी है। अभिनेता की पोस्ट में यह सवाल भी उठाया गया है कि समाज में महिलाओं को एक तरफ देवी का दर्जा दिया जाता है, लेकिन दूसरी तरफ उनके साथ होने वाले अपराधों के लिए कई बार उन्हें ही जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जाती है।
साकिब सलीम की इस भावुक और विचारणीय पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से मिली-जुली और तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इस संदेश का समर्थन करते हुए लिखा कि "यह हमारे समाज की कड़वी सच्चाई है" और हर लड़की के प्रति सम्मान की भावना बेहद जरूरी है। वहीं, कुछ यूजर्स ने बलात्कार जैसे अपराधों के खिलाफ सख्त से सख्त कानून, फांसी या एनकाउंटर जैसी कार्रवाई की मांग की, ताकि देश की अगली पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित माहौल बन सके।
लड़कियों के कपड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, "चाहे बुर्का हो या साड़ी, खतरे में है हर नारी", जो यह दर्शाता है कि खतरा लिबास से नहीं बल्कि नीयत से है। दूसरी ओर, इस गंभीर मुद्दे पर कुछ कमेंट्स में ट्रोलिंग और धर्म-आधारित बहस भी देखने को मिली।
साकिब सलीम ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्म ‘मुझसे फ्रैंडशिप करोगे’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया। उन्हें ‘मेरे डैड की मारुति’ से भी पहचान मिली। वहीं, करण जौहर की फिल्म ‘बॉम्बे टॉकीज’ में भी वह नजर आए। इसके अलावा कबीर खान की फिल्म ‘83’ में उन्होंने पूर्व क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ का किरदार निभाया था। ओटीटी पर साकिब ‘क्रैकडाउन’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं। फिल्मों और वेब सीरीज के अलावा वह सोशल मीडिया पर भी अपनी राय साझा करते रहते हैं।