
Shah Rukh Khan Tops Celebrity Brand Value: बॉलीवुड के 'बादशाह' शाहरुख खान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लोकप्रियता और ब्रांड वैल्यू के मामले में उनका मुकाबला करना आसान नहीं है। फिल्मों की सफलता से लेकर विज्ञापन जगत तक, शाहरुख का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब एक नई रिपोर्ट में उन्हें भारत का सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड बताया गया है। खास बात ये है कि इस सूची में रणवीर सिंह ने भी बड़ी छलांग लगाते हुए क्रिकेट स्टार विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।
'करोल' के मुताबिक ताजा ब्रांड वैल्यू रिपोर्ट सामने आई है जिसमें शाहरुख खान करीब 1,520 करोड़ रुपये की ब्रांड वैल्यू के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। पिछले साल वो तीसरे स्थान पर थे, लेकिन फिल्मों की शानदार सफलता और विज्ञापन जगत में बढ़ती मांग ने उन्हें फिर से शीर्ष पर पहुंचा दिया।
'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी फिल्मों की सफलता के बाद शाहरुख के विज्ञापन अनुबंधों में भी तेजी से इजाफा हुआ। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल में उनके ब्रांड एंडोर्समेंट की संख्या भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। इसके अलावा उनकी आगामी फिल्म 'किंग' को लेकर भी जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, जिसका असर उनकी ब्रांड वैल्यू पर भी देखने को मिला।
इस साल की रैंकिंग का सबसे बड़ा बदलाव रणवीर सिंह का दूसरे स्थान पर पहुंचना रहा। लगभग1,434 करोड़ रुपयेकी ब्रांड वैल्यू के साथ उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। विराट कोहली करीब1,394 करोड़ रुपये की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
रणवीर की हालिया फिल्मों का प्रदर्शन और लगातार बढ़ती ब्रांड साझेदारियों ने उन्हें विज्ञापनदाताओं की पहली पसंद बना दिया है। वहीं विराट कोहली अब भी देश के सबसे प्रभावशाली स्पोर्ट्स आइकन और बड़े ब्रांड एंबेसडरों में शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत के टॉप-25 सेलिब्रिटी ब्रांड्स की कुल वैल्यू करीब17,600 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस सूची में 13 पुरुष और 12 महिला सेलिब्रिटी शामिल हैं। रैंकिंग तैयार करते समय ब्रांड एंडोर्समेंट, बाजार में प्रभाव, सोशल मीडिया मौजूदगी और व्यावसायिक लोकप्रियता जैसे कई पहलुओं का मूल्यांकन किया गया।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अब कंपनियां पारंपरिक विज्ञापनों की तुलना में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ज्यादा भरोसा जता रही हैं। पहले जहां कुल एंडोर्समेंट कैंपेन का 40 से 60 प्रतिशत हिस्सा डिजिटल माध्यमों पर आधारित होता था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 60 से 75 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इससे साफ है कि सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट आने वाले समय में सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यू तय करने में और बड़ी भूमिका निभाएंगे।
शाहरुख खान की नंबर-1 पोजिशन और रणवीर सिंह की बड़ी छलांग यह दिखाती है कि मनोरंजन जगत में स्टार पावर अब सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञापन और डिजिटल दुनिया में भी उनकी लोकप्रियता लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।