मनोरंजन

सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता का सागा म्यूजिक पर फूटा गुस्सा, बोले- बिना अनुमति गाना रिलीज करना बर्दाश्त नहीं

Sidhu Moose Wala Parents: दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के नए ट्रैक 'फैंटम' की रिलीज को लेकर उनके माता-पिता और सागा म्यूजिक आमने-सामने आ गए हैं। माता-पिता ने बिना अनुमति गाना रिलीज करने पर आपत्ति जताई है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:34 AM IST
Sidhu Moose Wala Parents Legal Action Against Saga Music Object To Phantom Release
सिद्दू मूसेवाला के माता-पिता ने सागा म्यूजिक पर लगाया आरोप (Photo Source- Instagram/sidhu_moosewala)

Sidhu Moose Wala Parents Legal Action Against Saga Music: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सुरीली आवाज और यादें आज भी उनके चाहने वालों के दिलों में जिंदा हैं। 29 मई, 2022 को 28 साल की उम्र में सिंगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी अचानक मौत के बाद उनके माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर लगातार उनके फैंस के बीच उनकी विरासत को संजोए हुए हैं। इसी बीच सागा म्यूजिक (Saga Music) द्वारा उनके नए ट्रैक 'फैंटम' (Phantom) को यूट्यूब पर रिलीज करने की घोषणा की थी, जिसके बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू के माता-पिता ने इस रिलीज पर कड़ी आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि यह गाना उनकी बिना अनुमति के जारी किया जा रहा है।

सिद्दू मूसेवाला के माता-पिता का कड़ा विरोध

सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता की तरफ से इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इसमें दावा किया गया कि सागा म्यूजिक ने बिना किसी वैध दस्तावेज (Valid Document) और उनकी सहमति के फैंटम गाने को रिलीज करने का फैसला किया है। माता-पिता का कहना है कि उन्होंने लेबल से इस मामले पर रोक लगाने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का अनुरोध किया था, लेकिन इसके बावजूद कदम उठाया गया।

बयान में कहा गया, "हम सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठा रहे हैं। हम अन्य सभी कलाकारों और म्यूजिक लेबल्स से भी अनुरोध करते हैं कि वह सिद्धू के गानों के अधिकारों या पेपरवर्क से जुड़ा कोई भी दावा या पब्लिक अनाउंसमेंट करने से पहले हमसे जरूर सलाह लें।" इस विवाद के बढ़ने के बाद सागा म्यूजिक ने भी अपना पक्ष रखते हुए दिवंगत गायक के साथ किए गए कॉन्ट्रैक्ट असाइनमेंट एग्रीमेंट का पहला पेज शेयर किया।

सागा म्यूजिक ने भी जारी किया अपना बयान

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सागा म्यूजिक ने साफ किया कि वह दिवंगत गायक और उनके परिवार का पूरा सम्मान करते हैं। लेबल ने कहा कि वह सिद्धू मूसेवाला द्वारा खुद साइन किए गए एग्रीमेंट और सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स के आधार पर ही 'फैंटम' की रिलीज के साथ आगे बढ़ रहे हैं। लेबल के मुताबिक, ऑडियो राइट्स और अन्य प्रोफेशनल खर्चों का भुगतान समय पर किया जा चुका है।

सागा म्यूजिक ने यह भी दावा किया कि खुद सिद्धू ने अपने जीवनकाल में इस ट्रैक के रिलीज होने की बात स्वीकार की थी और यह कदम उनकी 'प्रोफेशनल समझ' को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है। बहरहाल, एक तरफ जहां लेबल अपने कॉन्ट्रैक्ट्स और दस्तावेजों का हवाला दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ सिद्धू के माता-पिता का कानूनी मोर्चे पर अड़े रहना यह दिखाता है कि वे अपने बेटे के अधिकारों को लेकर बेहद सख्त हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:34 AM IST
Published on: