Sidhu Moosewala last song: YouTube ने सिद्धू मूसेवाला के आखिरी गाने को अपने प्लेटफार्म से हटा दिया है। यह गाना सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद 23 जून को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तीन दिन से कम समय में 2.7 करोड़ बार देखा जा चुका था।
Sidhu Moosewala last song: पंजाबी सिंगर व रैपर सिद्धू मूसेवाला का हाल में ही आखिरी गाना एसवाईएल (SYL) रिलीज हुआ, जिसके बाद से इस गाने ने सोशल मीडिया से लेकर YouTube में खूब धूम मचाई। रिलीज होने के तीन दिन के अंदर ही इसे YouTube पर 2.7 करोड़ से अधिक बाद देखा गया और यह लगातार YouTube पर ट्रेंड कर रहा था, लेकिन अब सिद्धू मूसेवाला के गानों को को पसंद करने वालों के लिए एक बुरी खबर है। YouTube ने सिद्धू मूसेवाला के आखिरी गाना SYL को हटा दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार YouTube ने यह गाना सरकार की शिकायत के बाद हटाया है। अगर आप अब इस गाने को YouTube पर सर्च करेंगे तो YouTube पर लिखा आएगा 'ये कंटेंट लीगल कंप्लेंट के चलते मौजूद नहीं है'। हालांकि अभी यह गाना कई कई प्लेटफार्म पर मौजूद है। वहीं सिद्धू मूसेवाला के फैंस इस गाने के हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से नाराजगी जता रहे हैं।
SYL का क्या है मतलब
SYL का मतलब सतलुज यमुना लिंक नहर है। यह पंजाब और हरियाणा के बीच पिछले तीन दशकों से भी ज्यादा समय से विवाद का मुद्दा बना हुआ है। इस गाने में पानी के मुद्दे के साथ तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच और लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने का भी जिक्र किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस गाने को लेकर हरियाणा के कई कलाकारों ने नाराजगी जताई थी।
गाने में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य से लेकर राज्यपाल सत्यपाल मलिक तक का है जिक्र
गाने की शुरुआत आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता के हालिया बयान से हुई है, जिसमें उन्होंने पंजाब में सरकार बनने के बाद कहा था कि अब पंजाब में हमारी सरकार है। 2024 में आप हरियाणा में भी सरकार बनाएगी। 2025 में हरियाणा के हर खेत में पहुंचेगा पानी यह हमारा वादा नहीं है बल्कि हमारी गारंटी है। इस गाने में पंजाबी गायक और अभिनेता दीप सिद्धू का एक बयान भी है, जिनकी फरवरी 2022 में एक कार एक्सीडेंट में मौत हो गई है। वहीं यह गाना राज्यपाल सत्यपाल मलिक के विवादास्पद बयान के साथ खत्म होता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इंदिरा गांधी जानती थीं कि उन्हें मार दिया जाएगा और उन्होंने मारा दिया गया।
फैंस जता रहे नाराजगी
सिद्धू मूसेवाला के आखिरी गाना हटाए जाने के बाद उनके फैंस नाराजगी जता रहे हैं। फैंस आरोप लगाते हुए पूछ रहे हैं कि क्या इसमें पंजाब से संबंधित मुद्दों को उठाया था इसलिए हटाया गया। इसके साथ ही फैंस सरकार पर भी निशाना साध रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला को गैंगस्टरों से मिल रही थी धमकी, फिरौती के लिए आ रहे थे फोन, पिता ने एफआईआर में किया जिक्र