
Spider-Man Hindi Dub TMKOC: मार्वल की नई फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' का हिंदी डब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म के एक सीन में 'गेम ऑफ थ्रोन्स' के रेफरेंस की जगह 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के फेमस किरदार बाघा और बावरी का जिक्र किया गया है। ये देसी ट्विस्ट दर्शकों को इतना पसंद आया कि इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
फिल्म के वायरल क्लिप में नेड, पीटर पार्कर से कहता है, "बता भी दो मोटा भाई, रिस्क है तो इश्क है।" इस पर पीटर जवाब देता है, "सेठ जी, बाघा ये राज बावरी को भी नहीं बताएगा।"
यही डायलॉग सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है। जहां ओरिजिनल इंग्लिश वर्जन में 'गेम ऑफ थ्रोन्स' का रेफरेंस है, वहीं हिंदी डब में इसे भारतीय दर्शकों के लिए TMKOC के लोकप्रिय किरदारों से जोड़ दिया गया।
हिंदी डब का ये बदलाव दर्शकों को काफी पसंद आया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे अब तक की सबसे मजेदार लोकलाइजेशन बताया। लोगों का कहना है कि इस तरह की डबिंग भारतीय दर्शकों को कहानी से और बेहतर तरीके से जोड़ती है। इसमें दिलचस्प बात ये भी है कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में पहले भी स्पाइडर-मैन से प्रेरित एक सुपरहीरो वाला एपिसोड दिखाया जा चुका है। ऐसे में दोनों फ्रेंचाइजी के बीच ये कनेक्शन फैंस को और भी खास लगा।
वायरल डायलॉग के अलावा 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे'बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में सोमवार और मंगलवार के कलेक्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है और 'ब्लैक पैंथर' तथा 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म ने केवल चार दिनों में 400 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया, जो इसे नॉर्थ अमेरिका में इस मुकाम तक पहुंचने वाली सबसे तेज फिल्मों में शामिल करता है।