मनोरंजन

‘हम कलाकार सिर्फ बर्तन हैं’, छठी मैया गाने ने तमन्ना भाटिया को क्यों कर दिया भावुक? फिर से सुनाया शूटिंग का अनुभव

Tamannaah Bhatia Interview: ‘द ववान’ के ‘छठी मैया’ गाने की शूटिंग के दौरान तमन्ना भाटिया भावुक हो गईं। एक्ट्रेस ने छठ पूजा, 36 घंटे के व्रत और डूबते सूरज की परंपरा को लेकर अपना अनुभव साझा किया।
2 min read
Sep 21, 2026
Tamannaah Bhatia interview
छठी पूजा का सीन शूट करते वक्त भावुक हुईं तमन्ना (सोर्स: Instagram-alt_bollywood)

Tamannaah Bhatia Emotional: तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द ववान’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में सिद्धार्थ के साथ नजर आने वाली तमन्ना ने हाल ही में इसके ‘छठी मैया’ गाने की शूटिंग का अनुभव साझा किया। एक्ट्रेस ने बताया कि छठ पूजा के इस सीक्वेंस को शूट करते समय वह अचानक भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता था कि वह क्यों रोने लगीं।

दिल्ली में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान तमन्ना ने बताया कि इस गाने की शूटिंग ने उन्हें छठ पूजा और इससे जुड़ी परंपराओं को करीब से समझने का मौका दिया। उन्होंने फिल्म के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और राइटर-प्रोड्यूसर अरुणाभ कुमार की भी तारीफ की और कहा कि मेकर्स ने इस त्योहार को पर्दे पर दिखाते समय हर छोटी बात का खास ध्यान रखा।

‘शूटिंग के दौरान मेरी आंखों में आंसू आ गए’

तमन्ना ने बताया कि ‘छठी मैया’ गाने की शूटिंग उनके लिए सिर्फ एक सीक्वेंस शूट करने जैसा अनुभव नहीं था। इस दौरान वह त्योहार की भावनाओं से जुड़ गईं। उन्होंने कहा, “जब मैं सीन शूट कर रही थी, तो मेरी आंखों में आंसू आ गए और मुझे नहीं पता क्यों। आर्टिस्ट के तौर पर हम बर्तन हैं और मुझे लगता है कि हमसे परे कुछ ऐसा है, जो हमें कुछ खास चीजें महसूस कराता है।”

एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार इस बात को लेकर बेहद सावधान थे कि छठ पूजा को फिल्म में पूरे सम्मान और खूबसूरती के साथ पेश किया जाए।

मुंबई में सिर्फ भीड़ देखी थी, रीति-रिवाजों की नहीं थी जानकारी

तमन्ना ने बताया कि वह मुंबई में पली-बढ़ी हैं और बचपन से जुहू बीच पर छठ पूजा के दौरान बड़ी भीड़ देखती आई हैं। हालांकि, उन्हें त्योहार से जुड़े रीति-रिवाजों और परंपराओं की ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए सीक्वेंस शूट करने के दौरान उन्हें छठ पूजा के कठिन व्रत के बारे में पता चला। उनके मुताबिक, व्रत रखने वाले लोग लंबे समय तक बिना पानी के रहकर सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं।

तमन्ना ने त्योहार की एक और खास बात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां आमतौर पर लोग उगते सूरज को प्रणाम करने की बात करते हैं, वहीं छठ में डूबते सूरज को भी उतनी ही अहमियत और सम्मान दिया जाता है।

‘द ववान’ में दिखेगा बिहार और पूर्वांचल का रंग

फिल्म के राइटर-प्रोड्यूसर और टीवीएफ के फाउंडर अरुणाभ कुमार ने बताया कि ‘द ववान’ बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति से गहराई से जुड़ी फिल्म है। उनके मुताबिक, फिल्म के जरिए इतिहास, पौराणिक कथाओं और संस्कृति को बड़े पर्दे पर सम्मान देने की कोशिश की गई है।

‘छठी मैया’ का सीक्वेंस भी इसी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का हिस्सा है। फिल्म में तमन्ना और सिद्धार्थ पहली बार साथ नजर आएंगे। इनके अलावा मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी भी फिल्म का हिस्सा हैं। ‘द ववान’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Updated on:
21 Sept 2026 06:04 pm
Published on:
21 Sept 2026 06:04 pm
Also Read
View All