Trisha Krishnan In C Joseph Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरकार थलापति विजय ने शपथ ले ली है। इस मौके पर तृषा कृष्णन ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
Trisha Krishnan In C Joseph Vijay Oath Ceremony: तमिल सिनेमा की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल तृषा कृष्णन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मौका था थलापति विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ का, जहां तृषा की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में तृषा बेहद खास अंदाज में पहुंचीं। उनकी एंट्री होते ही कैमरे उनकी ओर घूम गए और कुछ ही मिनटों में उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल होने लगीं।
तृषा ने इस खास मौके पर आइस-ब्लू रंग की पारंपरिक कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी थी, जिस पर सुनहरे बॉर्डर का खूबसूरत काम था। इसके साथ उन्होंने हल्के गोल्डन शेड वाला ब्लाउज कैरी किया। ट्रेडिशनल लुक को पूरा करने के लिए तृषा ने हीरे और रूबी वाला चोकर सेट पहना था। माथे पर छोटी सी बिंदी, हल्का मेकअप और बालों में लगा मोगरे का गजरा उनके लुक को और भी आकर्षक बना रहा था। फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें “साउथ की एवरग्रीन क्वीन” तक कह दिया।
तृषा अपनी मां उमा कृष्णन के साथ समारोह में पहुंचीं। स्टेडियम के बाहर मीडिया ने जब उनसे बात करने की कोशिश की तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर ने उनके चाहने वालों के बीच पहले ही जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था और अब तृषा की मौजूदगी ने इस चर्चा को और तेज कर दिया। इसी बीच तृषा विजय के माता-पिता से भी मिलीं।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों से विजय और तृषा लगातार खबरों में बने हुए हैं। चुनावी नतीजों के दिन तृषा का तिरुपति मंदिर जाना भी काफी चर्चा में रहा था। उसी दिन उनका जन्मदिन भी था और सुबह-सुबह मंदिर में दर्शन करते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। कई लोगों ने इसे विजय और उनकी पार्टी TVK की जीत के लिए प्रार्थना से जोड़कर देखा।
इसके बाद तृषा को विजय के चेन्नई स्थित घर जाते हुए भी देखा गया था। अभिनेत्री ने वहां मौजूद फोटोग्राफर्स को मुस्कुराकर अभिवादन किया था। इतना ही नहीं, मतदान के दौरान भी तृषा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने बैकग्राउंड में विजय की सुपरहिट फिल्म ‘घिल्ली’ का गाना इस्तेमाल किया था, जिसे फैंस ने अभिनेता के प्रति सपोर्ट के तौर पर देखा।
विजय और तृषा की जोड़ी लंबे समय से तमिल सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों ने ‘घिल्ली’, ‘थिरुपाची’, ‘आथी’, ‘कुरुवी’ और ‘लियो’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। ऑनस्क्रीन उनकी केमिस्ट्री हमेशा दर्शकों को पसंद आई और यही वजह है कि दोनों से जुड़ी हर खबर तेजी से वायरल हो जाती है।
हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं। विजय की पत्नी संगीता द्वारा तलाक की अर्जी दाखिल किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर तृषा और विजय के नाम को लेकर काफी चर्चाएं हुईं। हालांकि दोनों सितारों ने इन खबरों पर कभी खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बावजूद हर सार्वजनिक कार्यक्रम में दोनों की मौजूदगी लोगों का ध्यान खींच ही लेती है।