
Yami Gautam AI statement: AI के जरिए तस्वीरों और वीडियो में बदलाव करना अब सेलेब्स के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। हाल ही में जूनियर NTR ने अपने गाने ‘चुट्टामल्ले’ के फेक वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। अब एक्ट्रेस यामी गौतम ने भी AI के जरिए उनकी तस्वीरों में बिना अनुमति बदलाव किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनकी पब्लिक अपीयरेंस की तस्वीरों और वीडियो को ओरिजिनल रूप में ही इस्तेमाल किया जाए।
यामी गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी बात रखते हुए कहा कि उनकी सार्वजनिक मौजूदगी से जुड़ी तस्वीरों को AI की मदद से बदलने या बेहतर बनाने से बचना चाहिए। उन्होंने बिना किसी खास घटना का नाम लिए लोगों से तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ न करने की अपील की।
एक्ट्रेस ने लिखा, “प्लीज मेरी पब्लिक अपीयरेंस की तस्वीरों को बदलने या बेहतर बनाने के लिए AI का इस्तेमाल करने से बचें। प्लीज इमेज को ओरिजिनल फॉर्म में इस्तेमाल करें। किसी व्यक्ति की इमेज को AI का इस्तेमाल करके बदलना या उसमें हेरफेर करना उनकी जानकारी और सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए।” यामी ने अपनी अपील के साथ लोगों का शुक्रिया भी अदा किया और कहा कि वह उम्मीद करती हैं कि उनकी इस बात का सम्मान किया जाएगा।
यामी गौतम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ‘देवरा’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ का एक मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद AI के गलत इस्तेमाल को लेकर बहस तेज हुई है। शनिवार को जूनियर NTR ने इस फेक वीडियो की आलोचना की और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
विजय देवरकोंडा और चिरंजीवी भी सोशल मीडिया पर टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल के खिलाफ अपनी बात रख चुके हैं। ऐसे में यामी गौतम की अपील भी इसी बढ़ती चिंता के बीच सामने आई है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम जल्द ही फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘नई नवेली’ में लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म में वह मोहिनी का किरदार निभा रही हैं। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए यामी ने कहा कि मोहिनी उन्हें इसलिए आकर्षित करती है क्योंकि वह वैसी नहीं है, जैसी दर्शक उससे उम्मीद करते हैं। उनके मुताबिक, किरदार में अपनापन है, लेकिन साथ ही एक रहस्य भी है जो धीरे-धीरे सामने आता है।
यामी ने कहा कि ‘नई नवेली’ ने उन्हें ऐसे किरदार को एक्सप्लोर करने का मौका दिया, जो परिवार, ह्यूमर, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन के बीच आसानी से आगे बढ़ता है और फिर भी दिल से जुड़ा रहता है। उन्होंने फिल्म की टीम के साथ काम करने को शानदार अनुभव बताया। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा के सपोर्ट में बनी ‘नई नवेली’ में यामी गौतम मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरे से पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी।