एटा

पहले पिलाई शराब फिर जहरीले स्प्रे से कर दी हत्या, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची साजिश

Wife and Lover Conspiracy Murder : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुई एक हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी।
2 min read
Feb 16, 2026
Feature image
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, PC- X

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुई एक हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार, शराब की खाली बोतलें और जहरीले स्प्रे की डिब्बी बरामद की है।

घटना जैथरा थाना क्षेत्र की है। 14 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अहरई गांव से बंधा रोड पर शराब के ठेके के पास गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय हेमंत के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। शुरुआती जांच में पारिवारिक एंगल सामने आने के बाद शक की सुई मृतक की पत्नी और उसके परिचितों की ओर घूमी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई।

शादी का बहाना, रास्ते में हत्या

तफ्तीश के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके आधार पर 16 फरवरी को पत्नी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

योजना के तहत हेमंत को शादी समारोह में ले जाने का बहाना बनाकर कार में बैठाया गया। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो आरोपियों ने जहरीले स्प्रे का इस्तेमाल कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को कार में ही रखा गया और आरोपी शादी समारोह में शामिल भी हुए। लौटते समय जैथरा क्षेत्र के गेहूं के खेत में शव फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने बरामद की जहरीले स्प्रे की डिब्बी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार, तीन खाली शराब की बोतलें और जहरीले स्प्रे की डिब्बी बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
16 Feb 2026 07:56 pm
Published on:
16 Feb 2026 07:56 pm