यूपी के एटा जिले में एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शादी की चौथे दिन करंट लगने से दूल्हे की मौत हो गई। यह हादसा स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान हुआ।
एटा जिले के एक छोटे से गांव में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। जब शादी के महज चार दिन बाद एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारियों की लापरवाही ने यह हादसा किया। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
एटा के थाना सकरौली क्षेत्र के विनायक गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में 25 वर्षीय अंकित की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, कर्मचारी गांव में मीटर लगाने का काम कर रहे थे। उसी दौरान अंकित भी वहां खड़ा होकर काम देख रहा था। आरोप है कि कर्मचारियों ने उसे बिजली के तार हटाने के लिए कह दिया। जैसे ही अंकित ने नंगे तार को छुआ। उसे जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारी घबरा कर वहां से चले गए।
इधर, चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत अंकित को अस्पताल ले जाने की कोशिश की। परिजन उसे आगरा ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। अंकित की मौत की खबर मिलते ही गांव में गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने अवागढ़-टूंडला रोड पर जरानी कलां पुलिस चौकी के पास शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया गया। अधिकारियों ने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि अंकित की शादी 12 मार्च को ही हुई थी। घर में जहां कुछ दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं। वहीं अब मातम पसरा हुआ है। एक नई जिंदगी शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई। और पीछे रह गए सिर्फ आंसू और सवाल।