
पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार आरोपी फोटो सोर्स विभाग
एटा जिले में अपहरण के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। आरोपियों ने साजिश के तहत युवक को इंस्टाग्राम मैसेज के जरिए घर बुलाया। फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ट्रक से मैनपुरी ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गदनपुर गांव में हुए अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच के दौरान पता चला कि मृतक पवन का पिछले ढाई वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जो इस वारदात की मुख्य वजह बना। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रविंद्र और उसके परिवार को इस रिश्ते की जानकारी थी। वे इससे नाराज थे। इसी के चलते उन्होंने साजिश रची। योजना के तहत रविंद्र के भाई प्रमोद ने अपनी बेटी के इंस्टाग्राम अकाउंट से 13 अप्रैल को पवन को मैसेज कराया और उसे मिलने के लिए घर बुलाया। जैसे ही पवन वहां पहुंचा। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को ट्रक में लादा और मैनपुरी ले जाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया।
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रविंद्र, उसकी पत्नी और भाई प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जल्द ही पूरी चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि प्रेम प्रसंग के विवाद किस तरह खौफनाक अंजाम तक पहुंच सकते हैं।
Updated on:
24 Apr 2026 10:31 pm
Published on:
24 Apr 2026 10:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
