
मंडप में दूल्हा गिरा तो दुल्हन ने मांगा मेडिकल सर्टिफिकेट | फोटो सोर्स- patrika.com
Etah Wedding Controversy: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जयमाला और रस्मों के बीच दूल्हे की 'बीमारी' ने शादी के जश्न को मातम जैसी खामोशी में बदल दिया। दूल्हे को अचानक चक्कर खाकर गिरता देख दुल्हन ने हिम्मत दिखाई और साफ कह दिया कि 'जब तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आएगी, शादी नहीं होगी।' रात भर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
यह मामला एटा के सकीट इलाके का है। कोतवाली देहात के कठोली गांव से बारात बड़े धूमधाम के साथ सकीट के एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। शादी की रस्में हंसी-खुशी चल रही थी, लेकिन तभी अचानक माहौल बदल गया। लोगों ने बताया कि जब दूल्हा कुर्सी पर बैठा था, तभी अचानक उसने अपना संतुलन खो दिया और नीचे गिर पड़ा। दूल्हे के गिरते ही मंडप में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे संभाला और पानी पिलाया।
शुरुआत में दूल्हा पक्ष ने इसे घबराहट या थकान का नाम देकर टालने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन के परिवार को संदेह हो गया। दुल्हन के परिजनों का आरोप है कि दूल्हे को कोई पुरानी बीमारी है, जिसकी जानकारी उनसे छिपाई गई। देखते ही देखते खुशी का माहौल तीखी बहस में बदल गया। दुल्हन ने स्पष्ट स्टैंड लेते हुए कहा कि वह अपनी जिंदगी का फैसला किसी धोखे के आधार पर नहीं ले सकती।
विवाद इतना बढ़ा कि रात भर सुलह-समझौता चलता रहा। स्थानीय बुजुर्गों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। उसकी एक ही शर्त थी- 'दूल्हे की मेडिकल रिपोर्ट दिखाओ।' जब दूल्हा पक्ष रिपोर्ट देने में नाकाम रहा, तो दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी देर तक चली पंचायत के बावजूद बात नहीं बनी और अंत में दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस जाना पड़ा। इस मामले पर पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की जा रही है, यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कारवाई की जाएगी।
Published on:
12 May 2026 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allएटा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
