एटा

आखिरी बार हाथ पर लिखा नाम, फिर गेस्ट हाउस में लगा ली फांसी

UP Crime: एटा में मजदूरी के बहाने घर से निकला युवक सरकारी गेस्ट हाउस में फंदे से लटका मिला। हथेली पर लिखा नाम प्रेम प्रसंग और मानसिक तनाव की ओर इशारा कर रहा है।

2 min read
Feb 07, 2026
प्रतीकात्मक फोटो। पत्रिक

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक युवक की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकला युवक अगले दिन गांव के पास स्थित एक जर्जर सरकारी गेस्ट हाउस में फंदे से लटका मिला। युवक की हथेली पर लिखे नाम से अनुमान लगाया जा रहा है मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है।

ये भी पढ़ें

प्रेमिका के साथ पार्टी में शामिल हुआ सिपाही… तभी आ गई पत्नी की वीडियो कॉल, नाराज प्रेमिका ने खुद को मारी गोली

काम के बहाने निकला, फिर लौटा ही नहीं

जलेसर थाना क्षेत्र के गांव सरसेला निवासी सौरभ कुमार (28) गुरुवार सुबह परिजनों से मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पूरी रात कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

सुबह बच्चों ने देखा शव

शुक्रवार सुबह पटना पक्षी विहार के पास स्थित पुराने और अनुपयोगी सरकारी गेस्ट हाउस में पशु चराने पहुंचे बच्चों की नजर फंदे से लटके युवक पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सौरभ के रूप में हुई। शव मिलने वाली जगह गांव से करीब 700 मीटर दूर है।

हथेली पर लिखा मिला दर्द भरा संकेत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक के बाएं हाथ की हथेली पर एक युवती का नाम लिखा मिला, हालांकि लिखा हुआ स्पष्ट नहीं था। मृतक के भाई गौरव ने बताया कि सौरभ का गांव की ही एक महिला से संबंध था, जिसको लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों का मानना है कि इसी तनाव ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Published on:
07 Feb 2026 01:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर