इटावा

‘ये लोग खोदते-खोदते एक दिन अपनी सरकार खोद देंगे’, अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के इटावा में भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने हर जगह मंदिर या अन्य जगह खुदाई पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग एक दिन "खोदते-खोदते अपनी सरकार खोद देंगे"।
less than 1 minute read
• •
Dec 23, 2024
akhilesh yadav statement on mohan bhagwat

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में संभल में मंदिर मिलने पर कहा, "ये ऐसे ही खोदते रहेंगे और खोदते-खोदते एक दिन अपनी सरकार को खोद देंगे। ये मठ विधान पर चलने वाले लोग हैं। सरकार हटेगी तभी आवारा पशु हट पाएंगे। 'वन नेशन-वन इलेक्शन' वाले अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाए।"

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को लेकर क्या बोले पूर्व सीएम

अखिलेश यादव ने बाराबंकी के सपा विधायक द्वारा भाजपा को हिन्दू आतंकवादी कहे जाने वाले बयान पर कहा कि जो लोग नफरत फैलाते हैं, लोगों को मारते हैं, सड़क पर नंगा कर देते हैं उन्हें क्या कहा जाए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए उन्होंने कहा कि यह भाजपा की अंडरग्राउंड विचारधारा है। उन्होंने कहा कि अगर मोहन भागवत मुख्यमंत्री को एक फोन कर दें तो सारे सर्वे और सारे विवाद बंद हो जाएंगे। ये बयान राजनीतिक लाभ के लिए दिए जा रहे हैं।

अंबेडकर पर हुई टिप्पणी पर भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर भी भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब पूजनीय हैं। भाजपा के सभी नेताओं को माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश में सारे गलत काम, जमीन पर कब्जे भाजपा के लोग कर रहे हैं। जगह-जगह लूट और डकैती हो रही है। यह सरकार संविधान के रास्ते पर नहीं चल रही। बैंक के लॉकर लूटे जा रहे हैं।

सोर्स: IANS