इटावा

सेना के जवान की शादी का 6 महीने में ही खौफनाक अंत, मोबाइल पर बातचीत के बाद पत्नी फांसी पर झूली

Etawah suicide इटावा में सैनिक की पत्नी ने फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। सेना का जवान इस समय असम में तैनात है। पिता का आरोप है कि मोबाइल पर बातचीत के बाद बेटी ने यह कदम उठाया है। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ‌
2 min read
Oct 30, 2025
सैनिक की पत्नी फांसी पर झूली (फोटो सोर्स- पत्रिका)
फोटो सोर्स- पत्रिका

Etawah suicide इटावा में सैनिक की पत्नी ने फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी घरवालों को उस समय हुई, जब उन्होंने कमरे के अंदर शव को फांसी के फंदे से लटका देखा। इसलिए 25 दिनों से महिला अपने मायके में रह रही थी और उसकी शादी 6 महीने पहले हुई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे इटावा में प्लॉट और 10 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। इसीलिए बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका घर की इकलौती बेटी थी। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र की है।

6 महीने पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश के इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के गोरापुरा निवासी 20 वर्षीय अनामिका उर्फ खुशबू पुत्री प्रमोद कुमार यादव ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी शादी इसी वर्ष 29 अप्रैल को संदीप कुमार यादव निवासी कांकर पूरा थाना चौबिया के साथ हुई थी। जो भारतीय सेना में नौकरी कर रहा है और इस समय असम में तैनात है।

क्या कहते हैं मृतका के पिता?

मृतक अनामिका के पिता प्रमोद यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी काफी धूमधाम से की थी। लेकिन ससुराल वाले उनकी बेटी पर 10 लाख रुपए और इटावा में एक प्लॉट का दबाव बना रहे थे। जिसके लिए आए दिन उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। दहेज के लिए ही 25 दिन पहले उनकी बेटी को घर से मारपीट कर भगा दिया गया।

बीते बुधवार को दामाद का फोन आया

प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बीते बुधवार की शाम को उनके दामाद संदीप यादव का फोन आया था। उनकी बेटी खुशबू कमरे में जाकर बात करने लगी। बातचीत के बाद उनकी बेटी ने कमरे में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने संदीप पर प्रताड़ित करने का और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना में दामाद संदीप यादव के अतिरिक्त संदीप के पिता, बड़े भाई और उनकी पत्नी के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस ने मोबाइल अपने कब्जे में लिया

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पारिवारिक जनों से बातचीत की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, धमकाने, आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है। जिसकी जांच की जा रही है।

Updated on:
30 Oct 2025 06:01 pm
Published on:
30 Oct 2025 06:01 pm