A large trauma center will be built on Etawah Highway: इटावा में हाईवे किनारे बड़ा ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने इसकी घोषणा की। इस मौके पर अखिलेश यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
Deputy CM Brijesh Pathak in Etawah: इटावा पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि हाईवे पर एक बड़ा ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। जिसका संचालन सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान की तरफ से किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया। बृजेश पाठक ने कहा कि जन औषधि केंद्र के माध्यम से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां किफायती दामों में मिलेंगी। जिससे जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार आम लोगों को बेहतर और सस्ती सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान बैंक ऑफ इंडिया और सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के बीच एमओयू (MOU) साइन किया गया। बृजेश पाठक ने कहा कि यह मील का पत्थर साबित होगा।
प्रतिदिन 5000 मरीजों की ओपीडी
उत्तर प्रदेश के इटावा के आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संस्थान प्रगति के पथ पर बहुत तेजी से अग्रसर है। यहां पर प्रतिदिन 5000 मरीजों की ओपीडी हो रही है। दिन-प्रतिदिन मरीजों की संख्या में वृद्धि है और सुविधाओं को भी बढ़ाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों 500 बेड के एक अस्पताल का उद्घाटन किया था। जो भी आवश्यक होगा, वह सारी सुविधाएं दी जाएंगी।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि हाईवे पर बड़ी संख्या में दुर्घटनाएं होती हैं। घायल मरीजों को सैफई आर्युविज्ञान संस्थान लाया जाता है। जिसको देखते हुए हाईवे पर एक बड़ा ट्रामा सेंटर बनाने की घोषणा की गई है। इस संबंध में प्रस्ताव भी मांगा गया है। इसे सैफई आर्युविज्ञान संस्थान चलाएगा। अविमुक्तेश्वरनंद महाराज के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि मामला अदालत में है। इसलिए कुछ कहना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री के जापान दौरे को लेकर बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, रेवेन्यू सरप्लस राज्य है। बड़ी संख्या में उद्योग लग रहे हैं। लॉ एंड ऑर्डर भी बहुत अच्छा है। अखिलेश यादव के बयान "100 विधायक लेकर मुख्यमंत्री बन जाइए" पर बृजेश पाठक ने कहा कि राजनीति में इस प्रकार की बातों का कोई स्थान नहीं है। उत्तर प्रदेश की जनता ने बीजेपी को आशीर्वाद दिया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याणकारी योजनाओं पर मोहर लगाई है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का लॉ एंड ऑर्डर और इंफ्रास्ट्रक्चर नंबर एक पर है।
आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिला जज राजेश सिंह, जिलाधिकारी शुभ्रम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, निर्देशक आयुर्विज्ञान संस्थान के कुलपति प्रोफेसर अजय सिंह, डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर सीएम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, विधायक सरिता भदौरिया सहित चिकित्सा अधिकारी व नेतागण मौजूद थे।