
EtawahNews: इटावा में एक सिपाही की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय सिपाही घर में अकेले था जो बर्खास्त भी चल रहा था। बेटी ने घर वापस आने के बाद पिता को कूलर से चिपका देखा तो उसके होश उड़ गए। वह चीखने चिल्लाने लगी। लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने विद्युत सप्लाई बंद कर सिपाही को कूलर से अलग किया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला चौबिया थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा हरदयालपुरा में संतोष यादव (50) दोपहर में कूलर चलाने के लिए गए। उस समय कूलर में करंट आ रहा था। लेकिन संतोष यादव समझ नहीं पाए और वह करंट की चपेट में आ गए। जिससे वह छटपटाने लगे। घटना के समय घर में अकेले थे। घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे।
दोपहर बाद जब संतोष यादव की बेटी लवी वापस आई तो उसने अपने पिता संतोष यादव को कूलर के पास गिरा हुआ पाया जो शांत पड़े हुए थे। यह देखकर लवी के होश उड़ गए। उसने चिल्ला कर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने सबसे पहले सप्लाई बाधित की। उसके बाद संतोष यादव को कूलर से अलग किया गया। लेकिन तब तक उनकी सांसें थम गई थी।
परिजनों के अनुसार, संतोष यादव ललितपुर जिले के नाराहट थाने की लोहरी सागर में सिपाही की पोस्ट पर तैनात थे। यहीं से उन्हें बर्खास्त किया गया था। घर में संतोष यादव अपने पीछे पत्नी किरण देवी, एक बेटा सुमित को छोड़ गए हैं जो बीएससी कर रहा है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही घर के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी चौबिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में करंट लगने से मृत्यु होना बताया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भी दिया।