
इटावा. उत्तर प्रदेश के जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे को मेरी मिट्टी मेरा गांव, पोषण वाटिका ओैर सहायता समूहों को रोजगार उपलब्ध कराने पर उनके तीन प्रोजेक्ट के स्काच अवार्ड को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) परिवहन और जनपद प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने अपने हाथों से प्रदान किया।
जिलाधिकारी को मिला अवार्ड
जिलाधिकारी के प्रोजेक्ट मेरी मिट्टी मेरा गांव के तहत तालाबों से अवैध कब्जे हटवाकर तालाब की खुदाई कर मिट्टी ग्राम पंचायत के चकरोड़ों पर डलवाए जाने, दूसरे प्रोजेक्ट में पोषण वाटिका के तहत कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में काफी सुधार होने पर और तीसरे प्रोजेक्ट महिला एवं स्वयं सहायता समूह को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से स्कूल की ड्रेस सिलवाने पर अवार्ड प्रदान किया गया।
पहला प्रोजेक्ट
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने जनपद के लोगों के हित में अपने तीन ड्रीम प्रोजेक्ट बनाए थे। उन पर कार्य करने के बाद मिली अपार सफलता के बाद नई दिल्ली में इन प्रोजेक्ट का चयन नेशनल स्तर पर किया गया। जिसके तहत वर्ष 2018 के लिए डीएम के तीन प्रोजेक्ट राष्ट्रीय स्तर पर सराहे गए और इसके लिए उनको कांस्य पदक दिया गया। जिलाधिकारी ने पहला प्रोजेक्ट मेरी मिट्टी-मेरा गांव लागू किया। इसके तहत कई गांवों में तालाबों पर कब्जे को खाली कराया और उनकी गहराई बनाकर पानी भराया गया। इस दौरान तालाब की खुदाई से निकली मिट्टी का प्रयोग गांव की चकरोड बनाने और स्कूल के खेल आदि में मैदान को समतल बनाने के रूप में किया गया।
दूसरा प्रोजेक्ट
दूसरे प्रोजेक्ट के रूप में पोषण वाटिका लागू की गई। इसके तहत उद्यान विभाग की ओर से रबी एवं जायद फसल के बीज के पैकेट गांव वालों को दिए गए। उन लोगों ने सब्जी आदि उगाकर गर्भवती महिलाओं का पोषण सही किया, वहीं कुपोषित बच्चों का कुपोषण दूर हुआ। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने बड़ी पोषण वाटिका ग्राम डूंगरी में बनाई। प्रशासन ने ग्राम पंचायत की डेढ़ बीघा भूमि को कब्जे से मुक्त कराके हरी सब्जी आदि तैयार कराई और गांव की गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों को खिलाई। इससे गांव से कुपोषण की समस्या दूर की गई।
तीसरा प्रोजेक्ट
तीसरे प्रोजेक्ट के रूप में महिला स्वयं सहायता समूह को लाभ पहुंचाने तथा समूह की महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से स्कूल की ड्रेस सिलने का मौका दिया गया। इस अवसर पर विधायक सदर सरिता भदौरिया, विधायक भर्थना सावित्री कठेरिया, सांसद प्रतिनिधि गोपाल मोहन शर्मा, जिला अध्यक्ष बीजेपी, शिव महेश दुबे, मुख्य विकास अधिकारी पीकेश्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।