
Etawah Encounter:इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में आधी रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार बदमाश ने रोकने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। पीछा करने के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस अभिरक्षा में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना महेवा-अछल्दा मार्ग पर निबाड़ीकला तिराहे के पास हुई। पुलिस टीम यहां वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद टीम ने बदमाश की घेराबंदी शुरू कर दी। आरोपी बाइक लेकर अछल्दा की तरफ भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देखकर बदमाश ने दोबारा पुलिस टीम पर गोली चलाई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद बदमाश घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित उर्फ फौजी पुत्र रामचंद्र, निवासी ब्रहमनगर, इटावा बताया। पुलिस के मुताबिक, वह इटावा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी की पहचान हिस्ट्रीशीटर नंबर 293 (A) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे पुलिस चोरी की बता रही है।
सीओ भर्थना रामदबन मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ इटावा जिले के अलग-अलग थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और बरामद बाइक व हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।