
इटावा. दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के रेलवे जक्शंन इटावा में मरुधर एक्सप्रेस में लूटपाट करने की कोशिश की गई। जब बदमाश लूटपाट करने में सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने ट्रेन पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिसके बाद दो बदमाशों को राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने सयुक्त रूप से अभियान चला कर गिरफतार कर लिया। इनके दो अन्य साथियो की अभी भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
चेन पुलिंग करके रोकी ट्रेन
राजकीय रेलवे पुलिस ने थाना प्रभारी दीपक कुमार पाण्डेय ने बताया कि जोधपुर से बनारस के मध्य चलने वाली 14864 डाउन मरुधर एक्सप्रेस को बदमाशों ने चेन पुलिंग करके पश्चिमी ओर के आउटर सिग्नल पर रोक लिया। चेनपुलिंग होने पर ट्रेन में सवार एस्कॉर्ट ने सजगता बरतते हुए दौड़े तो बदमाश ट्रेन पर पथराव करते हुए भाग गए। गार्ड और फोर्स भी बाल-बाल बचा लेकिन बदमाश यात्रियों से लूटपाट नहीं कर सके।
गैंग के सदस्यों की तलाश जारी
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की गई। इसके तहत अरुण कुशवाह पुत्र राजकुमार मैनपुरी रेलवे क्रासिंग के पास अड्डा जालिम सिविल लाइन और विजय प्रताप पुत्र कमलेश कुमार सताहपुर थाना फंफूद औरैया को पकड़ा गया। दोनों काफी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। जिसके तहत इस गैंग के साथियों की तलाश जारी है। दोनों से नकदी और अन्य ट्रेनों में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
अड्डा जालिम पर कड़ी निगरानी
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के किनारे शहर के पश्चिमी और स्थापित अड्डा जालिम रेलवे यात्रियों के लिए अपने नाम के अनुरूप जालिम ही साबित हो रहा है। आरपीएफ-जीआरपी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया तो चौंकाने वाली हकीकत प्रकट हुई। इस अड्डा के कई युवा ट्रेन के आउटर पर रुकने पर जनरल कोच में यात्रियों के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाते हैं। दो बदमाशों के पकड़े जाने पर हकीकत सामने आई तो फोर्स ने इस ओर कड़ी निगरानी शुरू कर दी।