
इटावा. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के नेता शिवपाल सिंह यादव को उनके सहयोगी संगठन लोहिया यूथ बिग्रेड ने करारा झटका दिया है। लोहिया यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल मिश्रा ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लोहिया यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल मिश्रा ने सोमवार को बताया कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया नेता शिवपाल सिंह यादव की नीतियों से खफा होकर उन्होंने अपने संगठन के करीब 400 प्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के समक्ष राजधानी लखनऊ मे लोहिया यूथ बिग्रेड का विलय कर लिया है। उन्होेंने बताया कि उनकी लोहिया बिग्रेड के दस जिलों के करीब 400 प्रतिनिधि कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं, जो अब कांग्रेस को मजबूत करने में जुटेंगे।
शिवपाल पर लगाए आरोप-
लोहिया यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल मिश्रा ने पीएसपी नेता शिवपाल सिंह यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वो चाटूकारों से घिरे हुए हैं, उनके आसपास मुलायम और अखिलेश विरोधियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो प्रतिस्पर्धी बातें करके उन्हें उकसाते रहते हैं। उनकी कहना है कि उनकी कोई नीति नहीं है। उन्होंने केवल अपने परिवार को नीचा दिखाने के लिए पार्टी का गठन किया है। उनका जमीन स्तर पर कोई जनाधार नहीं है।
कांग्रेस को जिताएंगे चुनाव-
अतुल मिश्रा ने आगे बताया कि 8 नंबवर को उन्होंने अपने संगठन को शिवपाल सिंह यादव के साथ खड़ा कर लिया था, लेकिन उनके पास जाने के बाद एहसास हो गया कि उनको ऐसे-ऐसे लोगों ने घेर रखा है, जो प्रतिस्पर्धी बातें करने में जुटे हुए हैं। अपने आप को शिवपाल सिंह यादव जनाधार वाला नेता बताते हैं, लेकिन हकीकत में जनाधार तो ईवीएम मशीन बतायेगी, जब वोट पड़ेगा और नतीजे आएंगे। मिश्रा ने बताया कि उनके आसपास रहने वाले लोग ही हर जगह मौजूद रहते हैं, जिससे उनके जनाधार का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 32 जिलों में यूथ ब्रिगेड सक्रिय है। हर जनपद से हजारों साथी अब काग्रेंस पार्टी के लिए काम करके केंद्र में काग्रेंस की सरकार बनाने की दिशा में काम करेगे । मूल रूप से इटावा के रहने वाले अतुल मिश्रा का यह संगठन काफी समय से काम करता हुआ दिख रहा है, करीब 4 सालों से सक्रिय उनके संगठन में सैकड़ों की तादाद में पदाधिकारी हैं। कांग्रेंस के समर्थन में खड़े होने के बाद इस संगठन की चर्चा शुरू हुई है।