Lovers commit suicide: इटावा में शनिवार को घर से भागे नाबालिग छात्र-छात्रा का शव सूखे नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब किसान खेत में आलू खोदने के लिए जा रहे थे।
Minor lovers commit suicide: उत्तर प्रदेश के इटावा में होली के पहले हृदयविदारक घटना में नाबालिग छात्र-छात्रा ने फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। जो शनिवार की शाम से गायब थे। घर वालों ने खोजा लेकिन नहीं मिले। आज दोनों का शव नीम के सूखे पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद दोनों ही घरों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। घटना बकेवर थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपियापुर गांव के पास नीम के पेड़ से नाबालिग युवक-युवती का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी लोगों को उस समय हुई जब किसान आलू की खुदाई के लिए खेतों की तरफ जा रहे थे, जहां गोपियापुर और नगला दूजू गांव के बीच स्थित सुख नीम के पेड़ से दोनों के शव लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। युवक और युवती दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे।
मृतक किशोरी की मां ने बताया कि दोनों कक्षा 9 से एक साथ पढ़ते थे। जिनके बीच गहरी दोस्ती थी और वे एक-दूसरे को प्यार करने लगे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी औरैया में तय हो गई थी। आगामी 6 मई को शादी की तारीख निश्चित थी। बेटी की मौत से घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक परिजनों ने बताया कि दोनों 28 फरवरी शनिवार की शाम से गायब थे। जिन्हें काफी खोजा गया। लेकिन उनके विषय में कोई जानकारी नहीं मिली। मृतक किशोर के पिता मजदूरी का काम करते थे, जबकि मृतक किशोर हाई स्कूल का छात्र था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से पूछताछ की गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र ने बताया कि बकेवर थाना पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग युवक-युवती ने फांसी के फंदे पर लटक अपनी जान दे दी। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंचने वालों में क्षेत्राधिकारी भरथना भी शामिल थे।