इटावा

शेरों के सोहर गाओ!… अखिलेश यादव ने इटावा सफारी में नीरजा के प्रसव पर दी बधाई, शेरनी ने 4 शावकों को दिया जन्म

Etawah Lion Safari News: उत्तर प्रदेश के इटावा लायन सफारी की शेरनी नीरजा ने 4 शावकों को जन्म दिया है। नीरजा कुल 9 शावकों की मां बन गई है।
2 min read
Mar 09, 2026
etawah safari news
सफारी में अपने शावकों के साथ शेरनी नीरज

इटावा लायन सफारी में शेरनी नीरजा ने रविवार की देर शाम 4 शावकों को जन्म दिया है। सफारी प्रबंधन के अनुसार, चारों शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। अभी उनके पास किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है। इसलिए सीसीटीवी कैमरे के जरिए शेरनी और उसके बच्चों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इटावा लायन सफारी में नीरजा के कुल 9 शावक पल रहे हैं। दरअसल, शेरनी नीरजा तीसरी बार मां बनी है। पहले प्रसव में उसने 2 शावकों और दूसरे प्रसव में 3 शावकों को जन्म दिया था। अब तीसरी बार में 4 शावकों को जन्म देकर नीरजा कुल 9 शावकों की मां बन गई है।

होली पर था प्रसव का अनुमान

सफारी प्रशासन के मुताबिक, शेर कान्हा और शेरनी नीरजा की मीटिंग 18 से 21 नवंबर 2025 के बीच सफारी में हुई थी। इसकी जानकारी होने के बाद शेरनी नीरजा को ब्रीडिंग सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया था। डॉक्टर्स को अनुमान था कि होली के अवसर पर प्रसव हो सकता है। इसलिए पहले से ही इसकी पूरी तैयारी कर ली गई थी।

जारी किया वीडियो

सफारी प्रबंधन ने प्रसव के बाद का एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें शेरनी अपने शावकों को प्यार कर रही है। शावक भी नीरजा के इर्द गिर्द घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। इटावा सफारी में पहले से 19 शेर रह रहे हैं। जिनमें 5 शेर, 6 शेरनी और 8 शावक हैं। यहां गुजरात के गिर से एशियाटिक शेरों को लाया गया है।

1 साल में 5 शावक मरे

बीते 1 साल में सफारी में 5 शावकों की जन्म के बाद मौत हो चुकी है। शेरनी रूपा ने 21 अप्रैल 2025 को 4 शावकों को जन्म दिया था उनमें से अब तक 3 की मौत हो चुकी है। शेरनी नीरजा ने 31 मई 2024 को 4 शावकों को जन्म दिया था, इनमें से अब सिर्फ 2 जिंदा बचे हैं। जिन शावकों की मौत के मामले सामने आए हैं उनमें से ज्यादातर की जन्म के वक्त ही मौत हो गई थी। शेरनी रूपा ने 21 अप्रैल, 2025 को चार शावकों को जन्म दिया था, लेकिन 1 शावक की जन्म के बाद ही मौत हो गई। दूसरे की मौत 2 दिन बाद 23 अप्रैल को हो गई थी। दरअसल शेरनी रूपा दूध पिलाते वक्त अनजाने में अपने शावक पर ही बैठ गई थी।

Updated on:
09 Mar 2026 06:57 pm
Published on:
09 Mar 2026 06:54 pm