पुलिस के अनुसार 38 साल की सरबजीत कौर की हत्‍या चोरी के दौरान तब की गई, जब उन्‍हें लगा कि उनका राज खुल सकता है।
लंदन : इंग्लैंड में वेस्ट मिडलैंड्स में शुक्रवार को एक भारतीय महिला अपने घर में मृत पाई गई। 38 साल की इस मृतका का नाम सरबजीत कौर बताया गया है। खबरों के मुताबिक चोरी की वारदात के दौरान लुटेरों ने उनकी हत्या कर दी।
वेस्ट मिडलैंड पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है। जल्द से जल्द हम कातिल तक पहुंच कर उसे सजा दिलवाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि पहली नजर में यह चोरी के दौरान हत्या का मामला लगता है। उस महिला के घर से कुछ सामान भी गायब है। हालांकि अभी पूरी तरह से यह नहीं कहा जा सकता कि सरबजीत की हत्या चोरी के दौरान हुआ या यह सोची समझी साजिश है।
हत्या से पहले मारपीट भी की गई थी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आस-पड़ोस के लोगों से जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम में कौर के साथ मारपीट की पुष्टि भी हुई है। पिछले शुक्रवार को उनके परिवारवालों को उनकी लाश घर पर मिली थी। वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस का कहना है कि उन्होंने महिला का नाम हत्या की खबर मिलने के तीन दिनों बाद सोमवार को सार्वजनिक किया, ताकि वह खुले दिमाग से इस हत्या की जांच कर सकें और लोगों से इस बारे में कोई अहम जानकारी भी हासिल हो सके।
पुलिस ने जांच टीम का गठन किया
कौर पर उनके घर के अंदर हमला किया गया। पुलिस के लिए यह काफी चौंकाने वाली बात है। पुलिस का कहना है कि ऐसा कम ही होता है, जब घर के अंदर किसी पर हमला हो। पुलिस ने इस हत्या की जांच के लिए ऑफिसर्स की टीम तैयार की है। पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि आखिर इस महिला की हत्या क्यों हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को पता लगा है कि घर से कुछ सामान चोरी हुआ है लेकिन अभी तक इस हत्या का असल मकसद पता नहीं लग सका है। उनकी टीम कई और पहलुओं पर इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या कौर को जान-बूझकर मारा गया या फिर चोरी का पता लगने के डर से उनकी हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और साथ ही आसपास स्थित घरों में भी पूछताछ कर रही है।